वाराणसी
समाजवादी पार्टी के नेता और समाजवादी छात्र सभा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव संदीप सिंह स्वर्णकार को लेकर एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। उनकी पत्नी खुशबू सिंह ने आरोप लगाया है कि उनके पति को सुनियोजित तरीके से थैलियम जैसे खतरनाक और दुर्लभ जहर देकर मारने की कोशिश की गई।
खुशबू सिंह के मुताबिक, संदीप वर्ष 2025 में गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में एक रिश्तेदार से मिलने गए थे। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। शुरुआत में इसे सामान्य बीमारी समझा गया, लेकिन हालत धीरे-धीरे गंभीर होती चली गई। उन्हें 4 फरवरी से 21 फरवरी तक अस्पताल में भर्ती रखा गया, लेकिन सुधार नहीं हुआ।
इसके बाद 26 फरवरी को उनकी तबीयत फिर बिगड़ी और 2 मार्च को दोबारा भर्ती कराना पड़ा। परिवार को परेशान न करने के लिए संदीप ने शुरुआत में ज्यादा जानकारी साझा नहीं की, लेकिन बाद में स्थिति बिगड़ने पर परिजन भी पहुंच गए।
दिल्ली के साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने शुरुआत में Guillain-Barré Syndrome (GBS) की आशंका जताई, लेकिन इलाज के बावजूद हालत में सुधार नहीं हुआ। 22 मार्च को उनकी हालत बेहद नाजुक हो गई और उन्हें ICU में शिफ्ट कर वेंटिलेटर पर रखना पड़ा।
इसके बाद परिजन बेहतर इलाज के लिए उन्हें मुंबई के पीडी हिंदुजा अस्पताल ले गए, जहां जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ। डॉक्टरों ने बताया कि उनके शरीर में थैलियम नामक बेहद खतरनाक जहर मौजूद है, जो धीरे-धीरे शरीर के अंगों को नुकसान पहुंचाता है और जानलेवा साबित हो सकता है।
खुशबू सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में आशंका जताई है कि संदीप को बाहर खाने के दौरान किसी ने खाने में जहर मिलाकर दिया हो सकता है, क्योंकि वह अपने ट्रांसपोर्ट के काम के सिलसिले में अक्सर बाहर रहते थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी दयाशंकर सिंह के अनुसार, पूरे मामले की जांच के लिए टीम गठित की जा रही है और हर पहलू पर बारीकी से जांच की जाएगी।
फिलहाल इस घटना ने वाराणसी समेत पूरे राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है, और सभी की नजर अब पुलिस जांच पर टिकी हुई







