वाराणसी
विकास खंड चोलापुर के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत भीदूर (कोईलो )ने एक बार फिर अपनी कार्यकुशलता और विकासपरक नीतियों का लोहा मनवाया है। ‘मुख्यमंत्री पुरस्कार योजना’ के अंतर्गत वर्ष 2025-26 के लिए खरदहां को जनपद स्तर पर पांचवा स्थान प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि के साथ ही पंचायत के खाते में 15 लाख रुपये की सम्मान राशि सीधे हस्तांतरित कर दी गई है।
लगातार दूसरी बार मिली सफलता
गौरतलब है कि यह उपलब्धि भीदूर के लिए नई नहीं है। इससे पूर्व सत्र 2024-25 में भी इस पंचायत ने जनपद में पांचवा स्थान प्राप्त कर 10 लाख रुपये का पुरस्कार जीता था। लगातार दूसरी बार पुरस्कृत होने से न केवल ब्लॉक स्तर पर, बल्कि पूरे जिले में इस पंचायत की पहचान एक ‘मॉडल गांव’ के रूप में उभरी है।
इन मानकों पर रहा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
विकास खंड अधिकारी शिव नारायण सिंह ने बताया कि भीदूर( कोईलो) पंचायत को यह गौरवपूर्ण स्थान कई महत्वपूर्ण मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर दिया गया है, जिनमें प्रमुख हैं: स्वच्छता अभियान: गांव की गलियों से लेकर सार्वजनिक स्थलों तक स्वच्छता का बेहतर रखरखाव। पंचायत भवन सुंदरीकरण: पंचायत भवन का आधुनिक संचालन और उसका सुंदर परिसर।
सक्रिय टीकाकरण: स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूकता और शत-प्रतिशत टीकाकरण का प्रयास। जल संचयन: वर्षा जल संचयन और जल संरक्षण की दिशा में किए गए ठोस कार्य। आय सृजन: पंचायत की अपनी आय बढ़ाने की दिशा में किए गए सफल प्रयास। ग्रामीणों में उत्साह, प्रधान व सचिव की सराहना पुरस्कार की घोषणा होते ही गांव में उत्सव जैसा माहौल बन गया है। ग्रामीणों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी।
ग्रामीणों ने इस सफलता का श्रेय ग्राम पंचायत अधिकारी राजेश शर्मा और ग्राम प्रधान दया शंकर यादव की कर्मठता व सामूहिक प्रयासों को दिया है। ग्राम पंचायत प्रशासन का कहना है कि पुरस्कार में मिली 15 लाख रुपये की इस राशि का उपयोग गांव के बचे हुए विकास कार्यों और बुनियादी ढांचे को और अधिक मजबूत करने के लिए किया जाएगा।










Users Today : 11
Users This Year : 24785
Total Users : 37378
Views Today : 28
Total views : 73557