वाराणसी।
साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए साइबर क्राइम सेल और फूलपुर पुलिस ने एक शातिर यूट्यूब हैकर को गिरफ्तार किया है। आरोपी न सिर्फ चैनल हैक करता था, बल्कि उन्हें विदेशी यूट्यूबरों को बेचकर मोटी कमाई भी करता था।
मिलियन सब्सक्राइबर चैनल थे निशाने पर
गिरफ्तार आरोपी सचिन राजभर खासतौर पर ऐसे यूट्यूब चैनलों को टारगेट करता था, जिनके लाखों-करोड़ों सब्सक्राइबर होते थे। जैसे ही उसे मौका मिलता, वह चैनल को हैक कर विदेशी खरीदारों को बेच देता था।
इंस्टाग्राम-व्हाट्सएप से बिछाता था जाल
एसीपी साइबर अपराध विदुष सक्सेना के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के जरिए लोगों से संपर्क करता था।
वह चैनल खरीदने का झांसा देकर पीड़ितों से उनके यूट्यूब और जीमेल की लॉगिन डिटेल हासिल कर लेता था—और फिर करता था पूरा अकाउंट क्लीन!
कई राज्यों में दर्ज हैं केस
साइबर सेल के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ बिहार और पंजाब में भी आईटी एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके पूरे नेटवर्क और कनेक्शन की जांच कर रही है।
पिंडरा से दबोचा गया
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी को पिंडरा क्षेत्र से गिरफ्तार किया। इसके बाद फूलपुर पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
साइबर सेल की सख्त चेतावनी
पुलिस ने आम लोगों को सतर्क करते हुए कहा है—
* किसी अनजान व्यक्ति को अपने सोशल मीडिया या जीमेल की डिटेल न दें
* ऑनलाइन ऑफर, नौकरी या निवेश के झांसे में न आएं
* किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से पहले जांच जरूर करें
साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें
वाराणसी पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है—अब साइबर अपराधियों की खैर नहीं!







