शहाबगंज (चंदौली) ग्राम ठेकहा में अमर शहीद धर्मदेव कुमार गुप्ता की पंचमी पुण्यतिथि शुक्रवार को श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर तिरंगा यात्रा, कैंडल मार्च एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण, युवा, महिलाएं व बच्चे शामिल हुए। “भारत माता की जय” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि वर्ष 2021 में छत्तीसगढ़ के बीजापुर में हुए नक्सली हमले के दौरान धर्मदेव गुप्ता ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उन्होंने कहा कि देश के जवान अपने परिवार की चिंता किए बिना राष्ट्र की सुरक्षा में तत्पर रहते हैं। सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब हम अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करें। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र सेवा के लिए सदैव तैयार रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के तहत अपराह्न तीन बजे भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। विरुद्दीन आर्मी फिजिकल एकेडमी, शहाबगंज के प्रशिक्षुओं ने हाथों में तिरंगा लेकर पूरे क्षेत्र का जोशपूर्ण भ्रमण किया, जिसमें बड़ी संख्या में नौजवान शामिल हुए। देशभक्ति के नारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा। इस दौरान थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह अपने हमराहियों के साथ आगे-आगे चलकर सुरक्षा व्यवस्था संभाले रहीं, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।

इसके बाद अपर प्राइमरी स्कूल ठेकहा में दो मिनट का मौन रखकर कैंडल मार्च एवं श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान सीआरपीएफ के इंस्पेक्टर अजय कुमार यादव अपनी टीम के साथ मौजूद रहे और शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम का संयोजन ग्राम प्रधान सजाउद्दीन, राजेंद्र यादव, रिंकू यादव, ईनाम अहमद एवं राजू सिद्दीकी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में बड़गांव के प्रधान गुलफाम अहमद, अरविंद दुबे (भाजपा ब्लॉक उपाध्यक्ष), रिंकू विश्वकर्मा (भाजपा मंडल अध्यक्ष, शहाबगंज), मुख्तार अहमद, आनंद झा, संजय गुप्ता, फौजी टीपू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
श्रद्धांजलि सभा में शहीद के परिजन—माता कृष्णावती देवी, पिता रामाश्रय गुप्ता, भाई धनंजय गुप्ता, पत्नी मीना देवी, पुत्रियां अंशिका, साक्षी व नैंसी गुप्ता तथा बहन लक्ष्मीना देवी मौजूद रहीं। इस दौरान परिवार के सदस्यों को सम्मानित किया गया, जिससे माहौल भावुक हो उठा।
अंत में जलपान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
रिपोर्ट – मोहम्मद तस्लीम











Users Today : 62
Users This Year : 24836
Total Users : 37429
Views Today : 100
Total views : 73629