वाराणसी अस्सी घाट क्षेत्र स्थित होटल बनारस हवेली की गली में एक बेहद पुराना और जर्जर मकान लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बना हुआ है। इस मार्ग से दिनभर स्थानीय निवासी, पर्यटक और श्रद्धालु गुजरते हैं। ऐसे में सड़क मार्ग पर स्थित यह खतरनाक जर्जर मकान कभी भी गिरकर बड़ा हादसा कर सकता है।
आसपास के लोगों का कहना है कि मकान की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि यह किसी भी क्षण धराशायी हो सकता है। अगर ऐसा हुआ तो गंभीर जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों का आरोप है कि नगर निगम और वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) को इस पर तुरंत संज्ञान लेना चाहिए, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों ने बताया कि इस मकान की शिकायत कई बार संबंधित विभागों से की गई, लेकिन वर्षों से यह उपेक्षित पड़ा है। मकान की जर्जर हालत लगातार लोगों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।

स्थानीय दुकानदार वीरेंद्र यादव ने बताया कि द्वारकाधीश मंदिर के सामने होटल बनारस हवेली की गली में स्थित मकान (B1/209) पूरी तरह से खस्ताहाल है। उन्होंने कहा कि यह कभी भी गिर सकता है और उसके बाद बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने निवेदन किया कि नगर निगम तुरंत कार्रवाई कर इस खतरनाक जर्जर मकान को हटाए, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते इस जर्जर भवन को नहीं हटाया गया तो यह प्रशासन की लापरवाही साबित होगी और हादसे की पूरी जिम्मेदारी अधिकारियों पर होगी।








