आज़मगढ़ जनपद के नवागत पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉ. अनिल कुमार ने पदभार संभालने के बाद अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए अपराधियों के खिलाफ कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शोहदों, पेशेवर अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर पुलिस की खास नजर रहेगी। अपराधियों की सूची तैयार कर उन पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।
डॉ. अनिल कुमार, जिन्हें एनकाउंटर स्पेशलिस्ट के रूप में जाना जाता है, ने प्रेस वार्ता में साफ कहा – “हत्या, लूट, छिनैती और महिला संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस पूरी ताक़त से काम करेगी। शासन की मंशा के अनुरूप अपराधियों के खिलाफ सख्ती ही मेरी प्राथमिकता होगी।”
उन्होंने बताया कि आज़मगढ़ पुलिस के पास अनुभवी और कुशल अधिकारी मौजूद हैं, जिनकी क्षमता का सही इस्तेमाल कर अपराध नियंत्रण और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। जनसुनवाई में आने वाले मामलों का हर हाल में निस्तारण कराया जाएगा, खासकर जमीन संबंधी विवादों को राजस्व विभाग के सहयोग से प्राथमिकता पर निपटाया जाएगा।
नवरात्र पर विशेष सुरक्षा इंतज़ाम आगामी शारदीय नवरात्र को लेकर एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था पर खास ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि पूजा समितियों से समन्वय कर आग लगने और करंट जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए पुख़्ता कदम उठाए जाएंगे। महिलाओं की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो टीम को सक्रिय किया जाएगा, जिसमें महिला और पुरुष पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में भी तैनात रहेंगे।
साइबर क्राइम और इंटेलिजेंस पर फोकस
एसपी डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए विशेष टीमें गठित की जाएंगी। साथ ही इंटेलिजेंस तंत्र को मज़बूत कर अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी।
अंत में उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे जनता से संवेदनशीलता, ईमानदारी और शालीनता से पेश आएं। उन्होंने कहा कि “अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
रिपोर्ट विजयलक्ष्मी तिवारी







