इलिया चंदौली जनपद में रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैली अफवाहों ने आम लोगों के बीच अफरातफरी का माहौल पैदा कर दिया है। पिछले कुछ दिनों से गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों पर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। अफवाहों के चलते लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन और गैस सिलेंडर लेने के लिए दौड़ पड़े, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने तत्काल सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने साफ कहा है कि जिले में रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य चल रही है।
डीएम ने सभी गैस एजेंसी संचालकों और पेट्रोल पंप मालिकों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कहीं भी कालाबाजारी या निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली (ओवररेट) की शिकायत मिली तो संबंधित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर जेल भी भेजा जाएगा।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने अफवाह फैलाने वालों को भी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति सोशल मीडिया या किसी अन्य माध्यम से झूठी अफवाह फैलाते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और घबराकर अनावश्यक खरीदारी न करें, जिले में ईंधन और गैस की आपूर्ति पूरी तरह से सामान्य है।











Users Today : 1
Users This Year : 24840
Total Users : 37433
Views Today : 1
Total views : 73633