वाराणसी।
साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए वाराणसी साइबर क्राइम पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने लोगों को फर्जी लिंक भेजकर उनके बैंक अकाउंट हैक किए और करीब 42.5 लाख रुपये की ठगी कर ली।
पुलिस के अनुसार, आरोपी खुद को बैंक या किसी अन्य प्रतिष्ठित संस्था का कर्मचारी बताकर लोगों को कॉल करते थे और उन्हें एक फर्जी लिंक भेजते थे। जैसे ही पीड़ित उस लिंक पर क्लिक करता, उसके मोबाइल में मालवेयर इंस्टॉल हो जाता था, जिससे ठगों को बैंक अकाउंट का पूरा एक्सेस मिल जाता था। इसके बाद खाते से रकम अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर ली जाती थी।
जांच के दौरान पुलिस को गिरोह की लोकेशन झारखंड के धनबाद में मिली। इसके बाद साइबर क्राइम टीम ने छापेमारी कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने ठगी की रकम से खरीदी गई एक कार भी बरामद की है।
एसीपी साइबर क्राइम विदुष सक्सेना ने बताया कि यह गिरोह सुनियोजित तरीके से साइबर अपराध को अंजाम दे रहा था। तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल डेटा और बैंकिंग ट्रेल के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, फोन पर कभी भी ओटीपी, पिन या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।











Users Today : 10
Users This Year : 24728
Total Users : 37321
Views Today : 21
Total views : 73459