मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में प्रदेश कैबिनेट की बैठक गुरुवार को होगी। इस में 29 से अधिक प्रस्तावों को मंजूरी के लिए कैबिनेट के समक्ष रखा जाएगा। योगी सरकार माध्यमिक और बेसिक शिक्षकों, शिक्षामित्रों को बड़ा तोहफा देने जा रही है। इन्हें पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा संबंधी प्रस्ताव को मंजूरी मिल सकती है।
प्रदेश के माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधीन अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षकों तथा स्ववित्त पोषित माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों के साथ ही बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, वार्डन, रसोइया व उनके आश्रित परिवार के सदस्यों को कैशलेस इलाज की सुविधा देने का प्रस्ताव है। इससे पांच लाख से अधिक शिक्षक व अन्य लाभान्वित होंगे। बंद पड़े पांच हजार से अधिक ईंट-भट्ठों को नियमों में ढील, आईटी की विनिर्माण नीति की समय सीमा बढ़ाए जाने,नगर विकास विभाग के दो प्रस्ताव भी एजेंडे में शामिल हैं।। जेवर एयरपोर्ट के लिए अभी और जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। इसका प्रस्ताव भी आएगा।
रिपोर्ट – जगदीश शुक्ला







