चन्दौली कमालपुर–
धीना मुख्य मार्ग पर स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय हरिनारायण अग्रहरि की स्मृति में निर्मित स्मृति द्वार वर्तमान में बेहद जर्जर स्थिति में पहुंच चुका है। स्मृति द्वार की दीवारों में बड़े-बड़े दरारें पड़ गई हैं तथा कई स्थानों पर ज्वाइंट भी अलग हो चुके हैं, जिससे कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना घटित हो सकती है।
बताया जाता है कि इस स्मृति द्वार का लोकार्पण वर्ष 2015-16 में तत्कालीन सैयदराजा विधायक सुशील सिंह द्वारा किया गया था। स्मृति द्वार का निर्माण कार्य ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, प्रखंड चन्दौली द्वारा कराया गया था। लेकिन निर्माण के महज कुछ वर्षों में ही इसकी स्थिति दयनीय हो जाना निर्माण गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों तुलसी अग्रहरि, शंभू अग्रहरि, गुड्डू अग्रहरि, सियाराम अग्रहरि, विकास रस्तोगी, अनिल उपाध्याय सहित अन्य लोगों ने जिला प्रशासन से तत्काल स्मृति द्वार की मरम्मत कराए जाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग अत्यधिक व्यस्त है और स्मृति द्वार के गिरने की स्थिति में जान-माल का भारी नुकसान हो सकता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से शीघ्र निरीक्षण कराकर मरम्मत कार्य कराया जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी







