भदोही
जनपद में लगातार बढ़ रही ठंड और सुबह के समय छाए घने कोहरे के बीच समाजसेवा की एक प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई। कड़ाके की सर्दी से राहत दिलाने के उद्देश्य से भदोही के प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर राहगीरों एवं जरूरतमंदों के लिए अलाव की व्यवस्था की गई, जिससे ठंड से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली।
इस मानवीय पहल का नेतृत्व पूर्व सभासद प्रदीप विश्वकर्मा (दीपू) एवं पूर्व नगर अध्यक्ष भाजपा प्रिंस गुप्ता ने किया। दोनों समाजसेवी स्वयं मौके पर मौजूद रहे और अलाव ताप रहे राहगीरों, श्रमिकों व दिहाड़ी मजदूरों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने लोगों से ठंड के मौसम में सावधानी बरतने की अपील करते हुए आगे भी ऐसी राहत व्यवस्थाएं लगातार जारी रखने का भरोसा दिलाया।
सुबह के समय सर्द हवाओं और घने कोहरे के बीच अलाव जरूरतमंदों के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं साबित हुआ। रिक्शा चालक, राहगीर, दिहाड़ी मजदूर और असहाय लोग इस व्यवस्था से विशेष रूप से लाभान्वित हुए। अलाव के आसपास लोगों की मौजूदगी इस बात की गवाही दे रही थी कि कुछ पल की गर्माहट भी बड़ी राहत दे सकती है।
इस पहल को लेकर राहगीरों और स्थानीय नागरिकों ने समाजसेवियों की जमकर सराहना की। लोगों का कहना है कि ऐसे कठिन मौसम में किया गया यह प्रयास न केवल जरूरतमंदों को राहत देता है, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता का सकारात्मक संदेश भी फैलाता है।
स्थानीय नागरिकों ने आशा व्यक्त की कि ठंड के पूरे मौसम में इस प्रकार की व्यवस्थाएं निरंतर जारी रहेंगी, ताकि कोई भी व्यक्ति सर्दी के कारण असहाय न रहे। समाज के जागरूक लोगों द्वारा उठाया गया यह कदम निस्संदेह प्रशंसनीय और अनुकरणीय है।
रिपोर्ट – फारुख जाफरी







