चन्दौली डीडीयू नगर:
डीडीयू रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह 11 बजे मानव तस्करी के खिलाफ एक संयुक्त जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन (एवीए) और चाइल्ड हेल्पलाइन की टीमों ने भाग लिया।
अभियान के दौरान, स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज, सर्कुलेटिंग एरिया और पीएसबी हॉल में यात्रियों को जागरूक किया गया। टीम ने विशेष रूप से यात्रियों, अभिभावकों और रेलवे कर्मचारियों को मानव तस्करी के खतरों और इसकी रोकथाम के उपायों के बारे में जानकारी दी।
यात्रियों को बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान की गई। उन्हें सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत देने के लिए प्रेरित किया गया।
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने के लिए बीबीए के टोल फ्री नंबर 1800 102 7222, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 या रेलवे सुरक्षा बल के हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करने को कहा गया।
इस जागरूकता पहल का मुख्य उद्देश्य समाज को सुरक्षित बनाना और कमजोर वर्गों, विशेषकर बच्चों को मानव तस्करी के खतरे से बचाना है।
इस अभियान में आरपीएफ के एसआई राम नरेश राम, एसआई एके मीना, एसआई अश्वनी कुमार, चाइल्डलाइन से राधेश्याम और रंजना यादव, तथा बचपन बचाओ आंदोलन से चंदा गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।







