जौनपुर
शहर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की सप्लाई करने वालों पर कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को एक सप्लायर को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
मुखबिर की पुख्ता सूचना पर पुलिस टीम ने मोहल्ला बोदकरपुर स्थित एक किराना/पतंग की दुकान में दबिश दी, जहां भारी मात्रा में अवैध मांझा छिपाकर रखा गया था।
दबिश के दौरान पुलिस ने दुकान के संचालक मो. इब्राहिम उर्फ पप्पू अट्टा, पुत्र स्व. मो. फारुख उर्फ नवाब, निवासी बोदकरपुर को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।
दुकान से 125 बंडल प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद किया गया, जिसका कुल वजन 61.458 किलोग्राम बताया गया है। पुलिस ने तत्काल आरोपी के खिलाफ मु0अ0स0 367/2025 अंतर्गत धारा 223 बी/293/125 बीएनएस एवं 5/15 पर्यावरण संरक्षण अधिनियम-1986 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चाइनीज मांझा न सिर्फ परिंदों बल्कि लोगों की जान के लिए भी बड़ा खतरा है। इसके बावजूद कुछ दुकानदार इसे चोरी-छिपे बाजार में उतारने की कोशिश कर रहे हैं। इसको रोकने के लिए पुलिस विशेष अभियान चला रही है।
बरामदगी टीम में प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह, उ0नि0 सुनील यादव (चौकी प्रभारी राजकालेज), उ0नि0 आलोक त्रिपाठी (चौकी प्रभारी सिपाह), हे0का0 सोमेश कुमार, हे0का0 सुरेंद्र कुमार और का0 विनोद कुमार शामिल रहे।
इस कार्रवाई के बाद इलाके के दुकानदारों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि आगे भी ऐसे अभियान लगातार चलेंगे और प्रतिबंधित सामग्री बेचने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।







