वाराणसी। डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने गुरुवार को सिगरा थाने का वार्षिक निरीक्षण कर साफ-सफाई से लेकर अभिलेखों तक हर व्यवस्था की बारीकी से जांच की। अधिकांश रजिस्टर व्यवस्थित मिलने पर उन्होंने संतोष जताया, लेकिन साथ ही शिकायतों के *त्वरित और प्राथमिकता आधारित निस्तारण के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान डीसीपी ने ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों से संवाद कर विभिन्न बिंदुओं की जानकारी ली। थाने में हाल ही में स्थापित मिशन शक्ति केंद्र का भी उन्होंने विस्तृत अवलोकन किया। महिलाओं से संबंधित शिकायतों के निस्तारण, समय-सीमा, उपलब्ध सुविधाओं और कार्यप्रणाली पर उन्होंने विशेष फोकस रखा।
डीसीपी गौरव बंसवाल ने कहा कि मिशन शक्ति केंद्र महिलाओं की सुरक्षा व सहायता की प्राथमिक इकाई है, इसलिए इसकी कार्यकुशलता और संवेदनशीलता सर्वोपरि है। जल्द ही केंद्र चलाने वाले अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे, ताकि शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निरीक्षण प्रक्रिया अभी जारी है और थाने की अन्य इकाइयों का भी परीक्षण किया जाएगा। जहां भी कमी मिलेगी, तुरंत सुधार के निर्देश जारी होंगे।डीसीपी ने कहा—नियमित निरीक्षण से पारदर्शिता बढ़ती है और जनता को बेहतर पुलिस सेवाएं मिलती हैं







