वाराणसी | राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की 11वीं वाहिनी, वाराणसी के रेस्क्यूअर कृपाराम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर की सहनशक्ति प्रतियोगिता IRONMAN 70.3 Goa में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश और बल का गौरव बढ़ाया। इस प्रतियोगिता में 31 देशों से लगभग 1300 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिसमें रेस्क्यूअर कृपाराम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 132वां स्थान प्राप्त किया।
हाफ आयरनमैन 70.3 में प्रतिभागियों को 1.9 किमी तैराकी, 90 किमी साइक्लिंग और 21.1 किमी दौड़ को एक निर्धारित क्रम में लगातार पूरा करना होता है। यह कठिन और चुनौतीपूर्ण प्रतियोगिता 9 नवम्बर 2025 को गोवा में आयोजित की गई।

प्रतियोगिता में सफलता के बाद जब कृपाराम वाहिनी मुख्यालय लौटे, तो उप महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनका प्रदर्शन एनडीआरएफ के अनुशासन, समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने इसे प्रेरणादायक उपलब्धि बताया तथा अन्य कार्मिकों के लिए उदाहरणात्मक कहा।







