चन्दौली मुगलसराय

डीडीयू जंक्शन पर मंगलवार देर रात आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति से 16 लाख रुपये नकद बरामद किए। यह कार्रवाई स्टेशन के फुट ओवर ब्रिज पर की गई, जिससे स्टेशन पर कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया।
आरपीएफ डीडीयू पोस्ट प्रभारी प्रदीप रावत के अनुसार, मंगलवार रात करीब साढ़े 12 बजे जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम स्टेशन पर संदिग्ध लोगों की जांच कर रही थी। इसी दौरान फुटओवर ब्रिज पर एक युवक संदिग्ध अवस्था में खड़ा मिला। शक के आधार पर उसकी तलाशी ली गई, तो उसके बैग से यह बड़ी रकम मिली।
पकड़े गए युवक की पहचान आशीष कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि वह वाराणसी से ऑटो द्वारा डीडीयू जंक्शन पहुंचा था और यहां से ट्रेन पकड़कर बिहार के आरा जा रहा था। बरामद नकदी के स्रोत के बारे में संतोषजनक जानकारी न मिलने पर आयकर विभाग, वाराणसी को सूचित किया गया है।
बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर स्टेशन पर सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट मोड पर हैं। सूत्रों के अनुसार, हवाला कारोबारी चुनाव के दौरान रुपयों की खेप बिहार के विभिन्न स्थानों पर भेजने में जुटे हैं और इसके लिए ट्रेन को एक सुरक्षित माध्यम के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं।
बता दें कि इससे पहले भी जीआरपी ने 24 लाख 40 हजार रुपये की नकदी बरामद की थी। सुरक्षा एजेंसियां इस तरह की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही हैं।







