आगामी 29-30 नवंबर 2025 से शुरू होने वाले ऐतिहासिक गोविन्द साहब मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। मेले को भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए 03 नवंबर 2025 को निरीक्षण भवन गोविन्द साहब में पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर और मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला की संयुक्त अध्यक्षता में अहम बैठक हुई। इसमें अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी आलापुर, क्षेत्राधिकारी आलापुर समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि लगभग एक माह तक चलने वाले इस प्रसिद्ध मेले की सभी तैयारियां समय से पूरी की जाएं।
बैठक में सफाई, रेन बसेरा, कूड़ा निस्तारण, फॉगिंग, पेयजल, टॉयलेट, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, साइकिल स्टैंड, पोखर की सफाई, चेंजिंग रूम, नाव-गोताखोर, चिकित्सा, खाद्य जांच, खोया-पाया केंद्र, फायर स्टेशन, अलाव, साधु-संतों व श्रद्धालुओं के ठहरने, आवागमन व परिवहन जैसी व्यवस्थाओं पर गहन चर्चा हुई।मुख्य विकास अधिकारी ने मेला क्षेत्र को सेक्टर व जोन में बांटकर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने, सफाई कर्मियों को यूनिफॉर्म में तैनात करने, भीड़ प्रबंधन और फायर सेफ्टी पर विशेष फोकस करने के आदेश दिए।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने पार्किंग पर रेट बोर्ड लगाने, सीसीटीवी व ड्रोन निगरानी सुनिश्चित करने और प्राइवेट ड्रोन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश जारी किए।लोक निर्माण विभाग व जिला पंचायत को सड़क मरम्मत, विद्युत विभाग को अतिरिक्त ट्रांसफार्मर, जर्जर तारों की मरम्मत व सुरक्षा सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए। मेले से 5 दिन पहले सिंगल विंडो सिस्टम शुरू होगा, जिससे परमिशन कार्य आसान होंगे।बैठक में मेला समिति अध्यक्ष, पदाधिकारियों व गणमान्य नागरिकों से पिछले मेलों का फीडबैक लिया गया और बेहतर आयोजन के लिए सुझाव प्राप्त किए।
इसके बाद एसपी व सीडीओ ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
इस मौके पर अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत, खंड विकास अधिकारी व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
यह मेला पूर्वांचल की सांस्कृतिक धरोहर है और प्रशासन की मुस्तैदी से श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिलेगा।







