चन्दौली डीडीयू पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर तैनात आरपीएफ की एसआई अर्चना मीना महिला एवं बाल सुरक्षा पदक से सम्मानित हुईं हैं। समारोह में रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने अर्चना मीना को प्रतिष्ठित पुरस्कार और मेडल सौंपा।
इसके साथ ही पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर आरपीएफ महानिरीक्षक अमरेश कुमार भी सम्मानित हुए हैं।
रेल मंत्रालय की ओर से आरपीएफ को राष्ट्रीय स्तर पर बहादुरी पदक, जीवन रक्षक पदक, बेस्ट इन्वेस्टिगेशन पदक और महिला एवं बाल सुरक्षा पदक दिए जाते हैं। पिछले वर्ष दिसंबर माह में रेल मंत्रालय ने चारों पदक विजेता की घोषणा की थी। इसके तहत आरपीएफ पीडीडीयू स्टेशन पोस्ट पर तैनात एसआई अर्चना मीना को महिला एवं बाल सुरक्षा पदक मिलने की घोषणा हुई है।
इसके तहत 1 लाख रुपए नकद और प्रमाण पत्र देने की घोषणा की गई। इसी क्रम में गुजरात के बलसाड़ में आरपीएफ ट्रेनिंग सेंटर में आयोजित समारोह में रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर आरपीएफ महानिरीक्षक अमरेश कुमार और एसआई अर्चना मीना को मेडल, चेक और प्रमाण पत्र आदि सौंपा।
अर्चना मीना के सम्मानित होने पर आरपीएफ जवानों में खुशी की लहर है। पुरस्कार मिलने से प्रफुल्लित अर्चना मीना ने कमांडेंट जेथिन बी राज और आरपीएफ निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत के कुशल निर्देशन का धन्यवाद दिया है। इस संंबंध में वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त जेथिन बी राज ने कहा कि राष्ट्रीय पदक आरपीएफ जवानों को सुरक्षा के प्रति और जिम्मेदार बनाएगा। यह अच्छे कार्य का इनाम है।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी







