मड़िहान, मीरजापुर । तहसील मड़िहान क्षेत्र के रामपुर 38 ग्राम में रेलवे अंडरपास बनाए जाने की मांग को लेकर ग्रामीणों द्वारा किया जा रहा धरना-प्रदर्शन गुरुवार को प्रशासन की पहल पर समाप्त हो गया।
ग्रामीणों का कहना था कि गांव के पास से गुजर रही रेलवे लाइन के कारण उन्हें आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे क्रासिंग बंद रहने से किसानों को अपने खेतों तक जाने, स्कूली बच्चों को स्कूल पहुंचने और बीमार लोगों को अस्पताल ले जाने में दिक्कत होती है। बरसात के दिनों में यह समस्या और बढ़ जाती है। इसी मांग को लेकर ग्रामीण कई दिनों से अंडरपास निर्माण की मांग कर रहे थे।
मामले की जानकारी मिलने पर उप जिलाधिकारी मड़िहान संतोष कुमार ओझा मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना उप जिलाधिकारी मड़िहान संतोष कुमार ओझा ने ग्रामीणों को समझाया कि उनकी मांग जायज है और इस संबंध में जिला प्रशासन द्वारा रेल विभाग को प्रस्ताव भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि अंडरपास निर्माण रेलवे विभाग से संबंधित कार्य है,
जिसके लिए शासन स्तर से स्वीकृति और तकनीकी सर्वे की प्रक्रिया पूरी करनी होती है।
एसडीएम के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया। धरना शांतिपूर्ण ढंग से खत्म कराया गया और मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे किसी भी मांग के लिए शांतिपूर्ण तरीके से प्रशासन को अवगत कराएं।
इस दौरान तहसील के राजस्व कर्मी, लेखपाल और स्थानीय पुलिस बल मौजूद रहे।







