चन्दौली
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। बहादुरपुर गांव में जल निकासी की समस्या को लेकर गुरुवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। शहीद अवधेश यादव मार्ग पर लंबे समय से जलजमाव की समस्या बनी होने से परेशान ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार अधिकारियों को समस्या से अवगत कराने के बावजूद अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं कराया गया।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क नीची होने के साथ नाली क्षतिग्रस्त है, जिसके कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। सड़क पर लगातार पानी जमा रहने से राहगीरों के साथ स्कूली बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चे आए दिन पानी में फिसलकर गिर जाते हैं, जिससे उन्हें चोट भी लगती है।
ग्रामीण सुरेंद्र यादव ने बताया कि शहीद अवधेश यादव मार्ग बहादुरपुर का महत्वपूर्ण मार्ग है। सड़क पर जलजमाव के कारण बच्चों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की ओर से कई बार समस्या दूर कराने का आश्वासन मिला, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है।
वहीं, बहादुरपुर के पूर्व प्रधान वीरेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि नाले की पूरी सफाई लंबे समय से नहीं हुई है। सफाईकर्मी केवल ऊपर से कचरा निकालकर चले जाते हैं, जबकि नाले की गहराई तक सफाई नहीं की जाती। उनका कहना है कि यह केवल बारिश का पानी नहीं है, बल्कि जल निकासी की व्यवस्था खराब होने के कारण पानी हमेशा जमा रहता है। आसपास के घरों में भी गंदा पानी और कीड़े-मकौड़े पहुंचने से लोगों को परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि एडीओ पंचायत, ग्राम सचिव और पूर्व जिलाधिकारी को भी कई बार समस्या से अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से नाले की शुरुआत से लेकर गंगा नदी तक पूरी सफाई कराने और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।










Users Today : 58
Users This Year : 29106
Total Users : 41699
Views Today : 100
Total views : 80492