चन्दौली नौगढ़
उच्चाधिकारीगण के कुशल निर्देशन में जनपद चन्दौली में पूर्व की नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने एवं किसी भी संभावित गतिविधि की रोकथाम के दृष्टिगत दिनांक 06.10.2026 को क्षेत्राधिकारी नौगढ़ देवेन्द्र कुमार के कुशल नेतृत्व में थानाध्यक्ष नौगढ़ संतोष कुमार व थाना नौगढ़ पुलिस बल एवं क्विक रिस्पांस टीम (QRT) द्वारा संयुक्त रूप से थाना क्षेत्रान्तर्गत ग्राम अमदहा और भरदुवा तथा आसपास के पहाड़ी एवं जंगलाती क्षेत्रों में सघन कांबिंग, सर्च ऑपरेशन एवं फ्लैग मार्च किया गया

अभियान के प्रमुख उद्देश्य एवं कार्यवाहियां-
1. जंगलों एवं संवेदनशील स्थलों की सघन तलाशी-
पुलिस बल एवं क्यू.आर.टी. टीम द्वारा सुरक्षा उपकरणों से लैस होकर ग्राम अमदहा और भरदुवा के दुर्गम क्षेत्रों, पगडंडियों, संभावित छिपने के स्थानों तथा आसपास के जंगलों में सघन कांबिंग एवं चेकिंग की गई। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखते हुए क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
2. ग्रामीणों से सीधा संवाद एवं पुलिस-पब्लिक समन्वय-
कांबिंग के उपरांत पुलिस टीम द्वारा दोनों ग्रामों में पैदल गश्त एवं चौपाल के माध्यम से स्थानीय नागरिकों, युवाओं एवं बुजुर्गों से संवाद स्थापित किया गया। ग्रामीणों से क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, सुरक्षा एवं किसी भी संदिग्ध गतिविधि के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई तथा पुलिस एवं आमजन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
3. साइबर अपराध के प्रति ग्रामीणों को किया गया जागरूक-

पुलिस टीम द्वारा ग्रामीणों को साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया। साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों जैसे ओटीपी/एटीएम पिन साझा करना, फर्जी बैंक कॉल, केवाईसी अपडेट के नाम पर ठगी, फर्जी लिंक/ऐप, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया के माध्यम से ठगी एवं ऑनलाइन निवेश के नाम पर होने वाले साइबर अपराधों से सावधान रहने के लिए जानकारी दी गई। ग्रामीणों को किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ अपनी बैंकिंग अथवा व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने के लिए जागरूक किया गया।
4. इमरजेंसी नंबरों की दी गई जानकारी-
पुलिस टीम द्वारा ग्रामीणों को आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता प्राप्त करने हेतु महत्वपूर्ण इमरजेंसी नंबरों की जानकारी दी गई। साथ ही साइबर अपराध का शिकार होने की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने तथा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में डायल-112 का उपयोग करने के संबंध में जागरूक किया गया।
5. सुरक्षा का माहौल एवं जन-प्रतिक्रिया-
ग्रामीणों द्वारा पुलिस टीम को अवगत कराया गया कि वर्तमान में गांव एवं आसपास के क्षेत्रों में शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में किसी भी प्रकार की नक्सली गतिविधि, संदिग्ध आवाजाही अथवा सुरक्षा संबंधी समस्या की जानकारी से इंकार किया। पुलिस द्वारा ग्रामीणों को आश्वस्त किया गया कि उनकी सुरक्षा हेतु पुलिस बल निरंतर सतर्क एवं सक्रिय है।
6. सतर्कता एवं सूचना नेटवर्क सुदृढ़ करने हेतु अपील-
क्षेत्राधिकारी नौगढ़ द्वारा ग्रामीणों से अपील की गई कि किसी भी अनजान, अपरिचित अथवा संदिग्ध व्यक्ति को पनाह न दें तथा जंगल अथवा गांव के आसपास किसी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु के दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
🔷 पुलिस प्रशासन का संकल्प-
जनपद चन्दौली पुलिस आमजन की सुरक्षा, भयमुक्त वातावरण के निर्माण, नक्सली एवं असामाजिक गतिविधियों की रोकथाम तथा साइबर अपराध के प्रति नागरिकों को जागरूक करने हेतु निरंतर प्रतिबद्ध एवं सतर्क है। कांबिंग, पेट्रोलिंग, जन-संवाद एवं साइबर जागरूकता अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।










Users Today : 67
Users This Year : 29115
Total Users : 41708
Views Today : 112
Total views : 80504