मण्डलायुक्त, उप पुलिस महानिरीक्षक ने जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक संग प्रशासनिक भवन में बैठक कर शारदीय नवरात्र मेला की तैयारियों की समीक्षा कर दिया आवश्यक दिशा निर्देश

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

मीरजापुर 07 अक्टूबर 2026- मां विन्ध्यवासिनी देवी के धाम विन्ध्याचल में आगामी 10/11 अक्टूबर 2026 की मध्य रात्रि से प्रारम्भ होने वाले 09 दिवसीय शारदीय नवरात्र मेला की तैयारियों के दृष्टिगत मण्डलायुक्त राजेश प्रकाश, पुलिस उप महानिरीक्षक पूनम ने विन्ध्याचल प्रशासनिक भवन में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक सहित मेला तैयारियों से सम्बन्धित सभी अधिकारियों की बैठक कर समीक्षा की।

समीक्षा के दौरान मण्डलायुक्त ने निर्देशित करते हुए कहा कि शारदीय नवरात्र मेला में आने वाले यात्रियों, दर्शनार्थियों को सुचारू ढंग से मां विन्ध्यवासिनी देवी का दर्शन पूजन हो सके तथा मेला में श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराए जाने वाले जनोपयोगी सुविधाओं को मेला प्रारम्भ होने के पूर्व प्रत्येक दशा में पूर्ण करा लिया जाए।

इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी मात्र ड्यूटी समझकर कार्य न करके बल्कि मां के धाम में सेवा भाव के रूप में कार्य करें ताकि किसी को यहां पर असुविधा न होने पाए।

सड़क एवं मार्गों की स्थिति/मरम्मत में मण्डलायुक्त ने कहा कि लोक निर्माण विभाग, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद, जिला पंचायत परिषद, जिस विभाग को जो सड़क व गली हो उसे समुचित मरम्मत एवं आवागमन के योग्य बनाया जाए। वर्तमान में यदि कहीं खोदाई व निर्माण कार्य हो रहा हो तो उसे तत्काल बन्द कर आवागमन हेतु सुलभ बनाया जाए।

उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र की सड़कों, गलियों एवं सम्पर्क मार्गों से दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए, किसी के द्वारा दुकान के सामने प्लास्टिक पन्नी आदि मार्ग पर नहीं लगाया जाएगा। मंडलायुक्त ने प्रोजेक्ट मैनेजर एन एच आई को मीरजापुर व विंध्याचल के हाई-वे मार्ग को सही करने पर कड़ी फटकार लगाते हुए निर्देशित किया कि 10 अक्टूबर तक प्रत्येक दशा में सही करें अन्यथा निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था के दृष्टिगत सभी गलियों, नालियों, नालों, सड़कों की सफाई का कार्य अभी से अभियान चलाकर सम्पादित कराएं तथा पूरे मेला क्षेत्र में पर्याप्त सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, कूड़ेदान/डस्टबिन आदि लगवाया जाए। मेला क्षेत्र में किसी प्रकार की दुर्गंध न हो, इसके लिए चूना, ब्लीचिंग आदि का छिड़काव कराया जाए। घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाते हुए युद्ध स्तर पर सफाई पूर्ण किया जाए तथा पूरे मेला अवधि में सफाई अभियान 24 घण्टे चलाया जाए।

विन्ध्याचल स्थित समस्त स्थायी व अस्थायी शौचालयों की सफाई कराते हुए उन पर रेट लिस्ट लगाई जाए। घाटों पर जहां पानी का जल स्तर अधिक हो आवश्यकतानुसार मजबूत बैरीकेटिंग, प्रकाश व्यवस्था, अस्थायी शौचालय, महिलाओं के वस्त्र बदलने हेतु इनक्लोजर आदि की व्यवस्था सुनिश्चित कर ली जाए। किसी भी आकस्मिकता की स्थिति से निपटने हेतु प्रत्येक घाट पर गोताखोर, नाव की व्यवस्था तथा गंगा नदी के उस पार भी गोताखोर की व्यवस्था सुनिश्चित किया जाए। जिला पंचायत परिषद द्वारा मोटरबोट आदि की व्यवस्था भी कराई जाए।

बैठक में विद्युत व प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा के दौरान नेशनल हाईवे से कालीखोह तक, नेशनल हाईवे से विन्ध्यवासिनी मन्दिर व अष्टभुजा तक तथा त्रिकोण मार्ग के अलावा पहाड़ी क्षेत्र के खाली स्थानों पर भी समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित किया जाए। मेला क्षेत्र का कोई भी हाई मास्क खराब न रहे, इसकी जांच/परीक्षण करते हुए यदि कहीं खराब हो तो मरम्मत करा लिया जाए।

तीनों मन्दिरों व गर्भ गृह, हवन कुण्ड, घाट आदि स्थलों पर सहायक निदेशक विद्युत सुरक्षा के द्वारा जांच/परीक्षण कर रिपोर्ट नगर मजिस्ट्रेट/मेला मजिस्ट्रेट को उपलब्ध करा दी जाए ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न उत्पन्न हो। विन्ध्याचल क्षेत्र में अनवरत 24 घण्टे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। यात्रियों के पेयजल व्यवस्था हेतु जल निगम नगरीय व ग्रामीण एवं नगर पालिका द्वारा पेयजल की समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।

बैठक में आवारा पशुओं की रोकथाम, रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की व्यवस्था, सफाई, पेयजल, शौचालय आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विन्ध्याचल में अतिरिक्त ट्रेनों के ठहराव, आने वाली गाड़ियों के मध्य 30 मिनट का अंतराल रखने, रैन बसेरा बनाने, पूछताछ केन्द्र व अतिरिक्त टिकट घर की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया। बैठक में पार्किंग की व्यवस्था के सम्बंध में निर्देशित किया गया कि मेला क्षेत्र के सभी वाहन स्टैण्ड को शर्तों के अधीन ही अनुमति दी जाए।

पुलिस उप महानिरीक्षक ने कहा कि शारदीय नवरात्र मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात एवं सुचारू आवागमन के लिए पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। रूट डायवर्जन, वाहनों के प्रवेश एवं निकासी, बैरियर तथा यातायात प्रबंधन के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए नो एंट्री जोन के तहत अनुमन्य वाहनों को ही प्रवेश दिया जाए। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए चिन्हित पार्किंग स्थलों पर समुचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने पूरे मेला व्यवस्था अधिकारियों की तैनाती आदि के बारे में तथा पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस व्यवस्था के बारे में विस्तृत जानकारी दी। बैठक में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 विनोद कुमार सिंह, वन संरक्षक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 कीर्ति कुमार मिश्रा, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, अध्यक्ष पंडा समाज पंकज द्विवेदी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अशोक कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत, आर0ई0एस0 सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

रिपोर्ट भोलानाथ यादव

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई