मिर्जापुर कलवारी-मड़िहान विधानसभा क्षेत्र के कलवारी स्थित जनता जनार्दन इंटर कॉलेज में प्रधानमंत्री जनकल्याणकारी योजना जागरूकता अभियान के तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अभियान के राष्ट्रीय महासचिव एवं राजनीति विज्ञान के प्रोफेसर प्रो. आकाश मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस दौरान वडनगर, गुजरात से सेवा संकल्प यात्रा के तहत बाइक से निकले यात्रियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया।कार्यक्रम में सहकारी बैंक मिर्जापुर-सोनभद्र के चेयरमैन एवं जनता जनार्दन इंटर कॉलेज के प्रबंधक जगदीश सिंह पटेल, डॉ. बृजेश पांडे, पवन सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वडनगर से आए बाइक यात्रियों को अंगवस्त्रम एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

अतिथियों ने यात्रा के उद्देश्य की सराहना करते हुए यात्रियों को आगे की यात्रा के लिए शुभकामनाओं के साथ विदा किया। बताया गया कि सेवा संकल्प यात्रा का अंतिम पड़ाव वाराणसी में होगा।कार्यक्रम के दूसरे चरण में वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। मुख्य अतिथि प्रो. आकाश, जगदीश सिंह पटेल, डॉ. बृजेश पांडे, पवन जी सहित अन्य लोगों ने पौधरोपण किया। राजगढ़ ब्लॉक प्रमुख ने भी वृक्षारोपण कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता की।
मुख्य जागरूकता कार्यक्रम में क्षेत्र के स्थानीय लोगों, शिक्षकों, शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं एवं वनवासी समाज के लोगों को केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। डॉ. बृजेश पांडे ने योजनाओं के मूल उद्देश्य पर प्रकाश डाला। वहीं मुख्य वक्ता प्रो. आकाश ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना है।

योजनाएं तभी प्रभावी होंगी, जब पात्र लोगों को उनकी जानकारी मिले और उन्हें लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया में सहयोग मिले।उन्होंने कहा कि योजनाओं का लगातार प्रचार-प्रसार हो रहा है और अनेक स्तरों पर कार्य भी किए जा रहे हैं, लेकिन अभी भी बहुत बड़ी संख्या में लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाना बाकी है।
इसके लिए हेल्प डेस्क एवं सहायता केंद्र स्थापित करने की आवश्यकता है, जहां लोगों को योजनाओं की जानकारी के साथ आवेदन एवं लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया में भी मार्गदर्शन मिल सके।प्रो. आकाश ने कहा कि कलवारी क्षेत्र में प्रधानमंत्री जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार और जागरूकता के लिए जनता जनार्दन इंटर कॉलेज में क्षेत्र का पहला सहायता काउंटर स्थापित किया जाना चाहिए।
इस केंद्र पर विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग किया जाएगा।उन्होंने कहा कि क्षेत्र संसाधनों की दृष्टि से अभी भी पिछड़ा है। समीप में वनांचल विश्वविद्यालय जैसे शिक्षण संस्थान होने के बावजूद जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और सहायता के लिए कोई समर्पित काउंटर नहीं है।
प्रो. आकाश ने कॉलेज के प्रबंधक एवं सहकारी बैंक के निदेशक जगदीश सिंह पटेल से इस दिशा में पहल करने का आग्रह किया।इस पर जगदीश सिंह पटेल ने जनता जनार्दन इंटर कॉलेज में प्रधानमंत्री जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए सहायता काउंटर खोलने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को योजनाओं की जानकारी एवं उनका लाभ दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।







