लटकते बिजली तार की चपेट में आया मैजिक, करंट से 35 वर्षीय विष्णु साहनी की मौत

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

चन्दौली पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय), मंगलवार

पड़ाव क्षेत्र के सूजाबाद में मंगलवार को सड़क पर लटक रहे विद्युत तार की चपेट में आने से मैजिक सवार 35 वर्षीय विष्णु साहनी की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के दौरान उनकी छोटी बेटी रियांसी बाल-बाल बच गई। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार, विष्णु साहनी अपनी बेटी रियांसी को घुमाने के लिए निकले थे। इसी दौरान घर के सामने सड़क से गुजर रहे ट्रैक्टर को रास्ता देने के लिए वह अपना मैजिक वाहन पीछे करने लगे। तभी सड़क पर नीचे लटक रहा विद्युत तार मैजिक के संपर्क में आ गया, जिससे वाहन में करंट उतर गया। इसकी चपेट में आने से विष्णु गंभीर रूप से झुलस गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए लकड़ी की बल्ली की मदद से तार को हटाया और बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला। गंभीर रूप से झुलसे विष्णु को तत्काल संतोष अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से उनकी हालत गंभीर देखते हुए ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

एक साल पहले भी हुआ था हादसा

ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर से करीब 100 से 150 मीटर लंबा निजी तार खींचा गया था, जो काफी नीचे लटक रहा था। लोगों के मुताबिक, लगभग एक वर्ष पहले भी इसी तार की चपेट में आने से बारात में शामिल कुछ लोग झुलस गए थे। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग इस मामले को निजी तार से जुड़ा बताकर अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास कर रहा है।

बिजली विभाग ने शुरू की जांच

वहीं, बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार, घटना की जानकारी मिलने के बाद जेई और एसडीओ ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में केबल में जोड़ लगाकर तार को आगे बढ़ाए जाने की बात सामने आई है। अधिकारियों ने बताया कि मामला एलटी सर्विस केबल से संबंधित है। इसकी विस्तृत जांच कर रिपोर्ट तैयार की जा रही है।

जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों और जिम्मेदारी की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

 

रिपोर्ट – आलिम हाशमी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई