गाजीपुर जमानिया
नगर क्षेत्र के मोहल्ला हरपुर स्थित काली माता मंदिर में अज्ञात चोरों ने मंदिर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। घटना की जानकारी होने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया तथा श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है
जानकारी के अनुसार अज्ञात चोर मंदिर से पांच बड़े घंटे चोरी कर ले गए, जिनका कुल वजन एक कुंतल से अधिक बताया जा रहा है। इसके अलावा मंदिर में रखे सोने के आभूषण, मांग टीका, नथुनी, मंगलसूत्र सहित अन्य कीमती सामान भी चोरी कर लिया गया। चोरों ने मंदिर की दान पेटी को भी नहीं छोड़ा और उसमें रखी पूरी दानराशि निकाल ली।
धार्मिक स्थल में हुई इस बड़ी चोरी की घटना से स्थानीय श्रद्धालुओं में गहरी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि मंदिर में चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से अज्ञात चोरों को शीघ्र गिरफ्तार कर घटना का खुलासा करने तथा क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
श्रद्धालुओं ने कहा कि काली माता मंदिर आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहां हुई चोरी से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। लोगों ने प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद जताई है।







