लखनऊ, 02 अक्टूबर 2026
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य दिनांक 01-10-2026 को जनपद कौशाम्बी के शिवाजी इण्टर कालेज, नेवादा में बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर छात्र-छात्राओं द्वारा धरना-प्रदर्शन किए जाने की जानकारी प्राप्त होने पर मामले का तत्काल संज्ञान लेते ही जिला विद्यालय निरीक्षक, कौशाम्बी एवं निदेशक, माध्यमिक शिक्षा को प्रकरण में त्वरित एवं विधिसंगत कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री के आदेशों के क्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक, कौशाम्बी द्वारा नेवादा क्षेत्र से संबंधित कार्मिकों की कार्यप्रणाली एवं प्रकरण की जांच के लिए प्रांतीय शिक्षा सेवा के तीन अधिकारियों की समिति गठित की गई है। साथ ही, प्रकरण में थाना अकिल में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए आवश्यक कार्यवाही प्रारम्भ कर दी गई है।
मौर्य ने कहा कि छात्र-छात्राएं देश का भविष्य हैं और उनके भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा, छात्रों को विद्यालयों में आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने में लापरवाही बरतने अथवा अपने दायित्वों का निर्वहन न करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी ।
उप मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को प्रदेश के विद्यालयों में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं की स्थिति की नियमित निगरानी एवं निरीक्षण करने तथा कमियों का तत्काल संज्ञान लेकर उनके निराकरण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।
रिपोर्ट – जगदीश शुक्ला







