चंदौली/कंदवा
आयुष डॉक्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन (उ०प्र०) द्वारा रविवार को सैयदराजा विधायक सुशील सिंह को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत कार्यरत आयुष चिकित्सकों द्वारा लंबित मानदेय विसंगति को दूर किए जाने को लेकर विधायक से वार्ता की गयी।
आयुष चिकित्सकों ने कहा कि सुदूर ग्रामीण व वंचित क्षेत्रों में आमजन को सुलभ व गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने में आयुष चिकित्सकों का महत्वपूर्ण योगदान है। समर्पित चिकित्सकों की समस्या के प्रति शासन गंभीर नहीं है।
कहा कि वर्ष 2009-10 में आयुष एवं एम०बी०बी०एस० चिकित्सकों का मानदेय समान स्तर पर निर्धारित था, किंतु वर्तमान में समान दायित्वों का निर्वहन करने के उपरांत भी इनके मानदेय में अत्यधिक अंतर उत्पन्न हो गया है,
इस विसंगति के कारण इन समर्पित चिकित्सकों के मनोबल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, भारत सरकार द्वारा भी राज्यों को मानदेय संबंधी विसंगतियों के समयबद्ध निराकरण हेतु दिशा-निर्देश निर्गत किए जा चुके हैं अब प्रदेश सरकार से उम्मीद है आयुष चिकित्सकों की मानदेय समस्या के समाधान की।
इस अवसर पर डाक्टर एस पी त्यागी,डाक्टर आशुतोष,डाक्टर मनोज,डाक्टर रजनीश, अवनीश सहित अन्य मौजूद रहे।







