पुलिस आयुक्त ने कहा—समय के साथ अपराध के तौर-तरीके बदल रहे हैं, इसलिए पुलिसिंग में भी निरंतर बदलाव आवश्यक है। तकनीकी दक्षता, बेहतर बीट व्यवस्था, मजबूत जनसंवाद और त्वरित कार्रवाई के माध्यम से अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाए।
वाराणसी की पुलिसिंग को बेहतर एवं प्रभावी बनाते हुए इसे अन्य जिलों के लिए रोल मॉडल बनाया जाए।
जनता की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनकर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए
पुलिसकर्मी अपने व्यवहार में शालीनता, विनम्रता एवं संयम रखते हुए जनता से सम्मानजनक संवाद करें।
प्रमुख बिन्दु-
1. गोद लिये गये थानों को आदर्श थाना बनाने एवं व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण के निर्देश
थानों का निरीक्षण एवं जनसंवाद: गोद लिये गये थानों का एक सप्ताह के भीतर मुआयना करने के अतिरिक्त क्षेत्रीय व्यापारियों एवं पुलिसकर्मियों के साथ अलग-अलग बैठक कर उनकी समस्याओं की जानकारी लेकर समाधान कराया जाये।
पुलिसकर्मियों की समस्याओं का समाधान: थानों में नियुक्त पुलिसकर्मियों के आवास, मेस एवं अन्य व्यक्तिगत समस्याओं की जानकारी लेकर उनका प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कराया जाये, जिससे पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध हो सके।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच: संबंधित चौकियों एवं थानों में चल रहे निर्माण कार्यों का नियमित निरीक्षण किया जाये तथा निर्माण की गुणवत्ता, निर्धारित मानकों एवं समयबद्धता की जांच करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाये।
सीसीटीवी कवरेज बढ़ाने पर जोर: थाना क्षेत्र में अधिकाधिक सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराने के लिए स्थानीय व्यापारियों, प्रतिष्ठान संचालकों एवं नागरिकों को जागरूक किया जाये तथा संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों को प्राथमिकता के आधार पर कवर कराया जाये।
पुलिसकर्मियों की तकनीकी दक्षता बढ़ाना: सीसीटीएनएस, आईपीडीआर, एमआरएम, जीआरएम, जेडएफडी, आरटीसी सहित विभिन्न पुलिस पोर्टल की बेसिक जानकारी के लिए बुकलेट जारी की जाये तथा निर्धारित समयावधि में पुलिसकर्मियों का परीक्षण कर उनकी दक्षता सुनिश्चित की जाये।
2. एयर शो एवं एमएलसी चुनाव को लेकर समन्वित एवं पूर्व नियोजित सुरक्षा व्यवस्था
एयर शो एवं चुनाव की सुरक्षा योजना: आगामी 22, 23 एवं 25 अक्टूबर को प्रस्तावित एयर शो तथा 23 अक्टूबर को प्रस्तावित एमएलसी चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए दोनों आयोजनों के लिए समन्वित सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की पूर्व कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिये।
रूट, पार्किंग एवं जनसुविधाओं का निरीक्षण: राजपत्रित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में रूट, पार्किंग स्थल, सीसीटीवी, मेडिकल टीम, शौचालय एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का पूर्व निरीक्षण कर कमियों को समय रहते दूर कराना सुनिश्चित करें।
चुनाव केन्द्र एवं पोलिंग पार्टी व्यवस्था: संबंधित अधिकारी चुनाव केन्द्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लें तथा पोलिंग पार्टियों के रवाना होने वाले स्थान, आवागमन मार्ग एवं तैनाती की पूर्व योजना तैयार कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
3. महत्वपूर्ण विवेचनाओं एवं विभागीय कार्यवाही की प्रभावी मॉनीटरिंग
कोडीन कफ सीरप, जीएसटी फ्रॉड एवं एलयूसीसी फ्रॉड से संबंधित महत्वपूर्ण विवेचनाओं में विशेष रुचि लेकर प्रभावी पर्यवेक्षण के साथ गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने तथा लंबित विभागीय जांचों के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिये।
4. घटनाओं की तत्काल सूचना एवं त्वरित पुलिस कार्रवाई
पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिये कि किसी भी महत्वपूर्ण घटना को छिपाया न जाये तथा तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचित किया जाये। राजपत्रित अधिकारी स्वयं संज्ञान लेकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें और केवल थाना प्रभारी पर निर्भर न रहें।
5. महिला अपराध की रोकथाम हेतु विशेष सेल का गठन एवं हॉटस्पॉट पर प्रभावी कार्रवाई विशेष सेल के माध्यम से महिला अपराध शिकायतों की मॉनीटरिंग: यूपी-112 से प्राप्त महिला अपराध संबंधी शिकायतों के लिए विशेष सेल गठित कर शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण, पीड़िताओं से फीडबैक एवं महिला उत्पीड़न के मामलों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये।
महिला अपराध हॉटस्पॉट चिन्हित कर प्रभावी कार्रवाई: विशेष सेल द्वारा यूपी-112 से प्राप्त शिकायतों के घटनास्थलों का विश्लेषण कर महिला अपराध हॉटस्पॉट चिन्हित किये जायें तथा ऐसे स्थानों पर निगरानी बढ़ाकर सक्रिय शोहदों एवं अराजक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाये
6. आगामी चुनाव के दृष्टिगत संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता के निर्देश
आगामी विधानसभा एवं ग्राम पंचायत चुनाव के मद्देनजर जातिगत एवं धार्मिक विवादों से संबंधित मामलों पर विशेष सतर्क दृष्टि रखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों एवं व्यक्तियों को चिन्हित किया जाये तथा किसी भी विवाद की स्थिति में तत्काल संज्ञान लेकर प्रभावी एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाये।
7. यातायात व्यवस्था एवं अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई
यातायात को सुचारू बनाए रखने हेतु सभी अधिकारी प्रतिदिन न्यूनतम एक घंटे पैदल भ्रमण करें तथा चिह्नित स्थानों पर अतिक्रमण की पहचान कर उसे हटवाते हुए नियमानुसार विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
8. बीट पुलिसिंग को प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने के निर्देश
यक्ष एप के अनुसार प्रत्येक थाने में बीट वितरण चार्ट तैयार कराया जाये। प्रत्येक बीट में दो आरक्षी, एक अनुभवी एवं एक नवीन, नामित किये जायें तथा महिला आरक्षियों के लिए पृथक बीट निर्धारित की जाये।
9. लंबित एवं कालबाधित विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर
राजपत्रित अधिकारियों के स्तर पर लंबित कालबाधित एवं माह में कालबाधित होने वाली विवेचनाओं की नियमित समीक्षा की जाये तथा उनका शीघ्र, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाये।
दिनांक 25.09.2026 को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल द्वारा कैम्प कार्यालय में आयोजित राजपत्रित अधिकारियों के साथ गोष्ठी मे पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, संवेदनशील एवं परिणामपरक बनाने के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने गोद लिये गये थानों को आदर्श थाना बनाने के लिए नियमित निरीक्षण, जनसंवाद, पुलिसकर्मियों की समस्याओं के समाधान, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच, सीसीटीवी कवरेज बढ़ाने तथा पुलिसकर्मियों की तकनीकी दक्षता विकसित करने पर विशेष जोर दिया।
आगामी 22, 23 एवं 25 अक्टूबर के प्रस्तावित एयर शो तथा 23 अक्टूबर के एमएलसी चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए रूट, पार्किंग, चिकित्सा, सीसीटीवी, शौचालय, चुनाव केन्द्र एवं पोलिंग पार्टियों की व्यवस्था की पूर्व कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिये।
महत्वपूर्ण विवेचनाओं एवं विभागीय जांचों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, किसी भी महत्वपूर्ण घटना की तत्काल सूचना तथा त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। महिला अपराध, आईजीआरएस एवं यूपी-112 शिकायतों की प्रभावी मॉनीटरिंग, हॉटस्पॉट चिन्हीकरण, आगामी चुनाव के दौरान संवेदनशील विवादों पर सतर्कता, यातायात व्यवस्था, बीट पुलिसिंग, पैदल गश्त, अतिक्रमण हटाने तथा लंबित विवेचनाओं एवं जनशिकायतों के समयबद्ध निस्तारण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिये।
इस दौरान पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त वरूणा जोन राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतू, पुलिस उपायुक्त विनीत भटनागर, अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नृपेन्द्र, अपर पुलिस उपायुक्त वैभव बांगर, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्रा सहित जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारीगण उपस्थित रहे।







