बड़ा हादसा टला, परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित; घरेलू सामान और दरवाजा क्षतिग्रस्त

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के सरायनंदन बजरडीहा इलाके में मंगलवार सुबह करीब सात बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मकान में नाश्ता बनाते समय गैस सिलेंडर अचानक तेज आवाज के साथ फट गया। सिलेंडर फटने की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग भी मौके की ओर दौड़ पड़े। गनीमत रही कि घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर से बाहर निकल चुके थे, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह घर में गैस सिलेंडर पर नाश्ता बनाया जा रहा था। इसी दौरान सिलेंडर में अचानक आग पकड़ ली। स्थिति को भांपते हुए परिवार के लोग बच्चों को लेकर तत्काल घर से बाहर निकल गए। कुछ ही देर बाद गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। धमाका होते ही आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

धमाके के बाद लोग घर के अंदर पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर हैरान रह गए। कमरे में रखे बर्तन और अन्य सामान इधर-उधर बिखरे पड़े थे। घर का टीन शेड और दरवाजा भी क्षतिग्रस्त हो गया। परिवार के मुताबिक हादसे में कूलर, फ्रिज, पंखा, बर्तन सहित गृहस्थी का काफी सामान नष्ट हो गया।

बच्चों को लेकर घर से बाहर निकली महिला

घटना की प्रत्यक्षदर्शी महिला ने बताया कि सिलेंडर में आग लगते ही परिवार के लोग घबरा गए। उस समय बच्चे भी घर में मौजूद थे। महिला ने बताया कि आग बढ़ती देखकर वह बच्चों को साथ लेकर तत्काल घर से बाहर निकल गईं। उनके बाहर निकलने के कुछ ही देर बाद सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया।

महिला के मुताबिक धमाके के कारण घर में रखा गृहस्थी का काफी सामान क्षतिग्रस्त हो गया। कूलर, फ्रिज, पंखा और बर्तन समेत कई सामान नष्ट हो गए। घर का दरवाजा भी टूट गया। उन्होंने बताया कि घटना के बाद घर के अंदर सामान पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया।

पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना देने की कही बात

स्थानीय निवासी रुखसाना ने बताया कि सिलेंडर फटने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि जिस घर में घटना हुई, वहां के लोगों से पुलिस को सूचना देने के लिए कहा गया था, लेकिन परिवार की ओर से पुलिस को सूचना नहीं दी गई।

रुखसाना के अनुसार धमाके की आवाज सुनने के बाद जब वे लोग मौके पर पहुंचे तो घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और घटना से काफी नुकसान हुआ था। हालांकि घटना में परिवार के सभी लोग सुरक्षित हैं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि यदि घटना के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर मौजूद होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल घटना के बाद इलाके में लोग सिलेंडर और गैस चूल्हे की सुरक्षा को लेकर सतर्क नजर आए।

 

रिपोर्ट धनेश्वर साहनी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई