वाराणसी।
वाराणसी में एटीएस और कुख्यात नक्सली गोपाल सिंह गंझू के बीच हुई मुठभेड़ में नक्सली के मारे जाने की सूचना है। बताया जा रहा है कि गोपाल सिंह गंझू पर झारखंड सरकार ने 25 लाख रुपये और केंद्र सरकार ने 5 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। उस पर कई हत्याओं और पुलिसकर्मियों की हत्या में शामिल होने के आरोप बताए जा रहे हैं।
मुखबिर की सूचना पर ATS ने की घेराबंदी
मिली जानकारी के अनुसार, एटीएस टीम को सूचना मिली थी कि कुख्यात नक्सली अपने साथी के साथ वाराणसी से मुगलसराय की ओर जाने वाला है। सूचना के आधार पर एटीएस ने रामनगर पुलिस के सहयोग से घेराबंदी की।
पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख गोपाल सिंह गंझू ने दोनों हाथों में पिस्टल लेकर एटीएस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया, जबकि उसका साथी बाइक लेकर मौके से फरार हो गया।
नक्सली कमांडर रह चुका था गोपाल सिंह गंझू
बताया जा रहा है कि गोपाल सिंह गंझू नक्सली संगठन में कमांडर की भूमिका निभा चुका था। झारखंड पुलिस के साथ-साथ एनआईए और एटीएस को भी उसकी लंबे समय से तलाश थी। उस पर झारखंड के कई पुलिसकर्मियों समेत अन्य लोगों की हत्या में शामिल होने के आरोप बताए जा रहे हैं।








