मीरजापुर
मड़िहान थाना पुलिस और विशेष कार्य बल की संयुक्त टीम को गांजा तस्करी के विरुद्ध बड़ी सफलता मिली है। शनिवार को दिनांक 19.09.2026 को करीब 12:15 बजे बेला मंदिर के पास ग्राम दांती के समीप सघन वाहन जांच के दौरान कोयले से भरे एक मालवाहक वाहन से कुल 198 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। बरामद गांजे का अनुमानित अंतर्राष्ट्रीय मूल्य एक करोड़ 25 लाख रुपये बताया गया है।
इस मामले में अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर मोहम्मद शाकिर बक्स पुत्र महबूब आलम निवासी 330 न्यू आनंद नगर, पंप हाउस कुंडम रोड, थाना अधारताल, जनपद जबलपुर (मध्य प्रदेश), उम्र करीब 45 वर्ष को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक मीरजापुर अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था सुदृढ़ रखने, अपराध की रोकथाम और अपराधियों की धरपकड़ तथा अवैध शराब व मादक पदार्थों की निर्माण, तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में पुलिस अधीक्षक संचालन व क्षेत्राधिकारी संचालन के नेतृत्व में मड़िहान थाना पुलिस और विशेष कार्य बल की संयुक्त टीम ने मुखबीर की सूचना पर यह कार्यवाही की।
जांच में मालवाहक वाहन (अशोक लेलैंड) के कोयले के बीच छिपाकर रखी छह बोरियों से गांजा बरामद हुआ।पूछताछ में पकड़े गए अभियुक्त ने बताया कि वह ओडिशा प्रांत के रायगढ़ा से कोयले के बीच गांजा छिपाकर ला रहा था, जिसे प्रयागराज व वाराणसी में बताए गए व्यक्तियों तक पहुंचाना था। गांजा पहुंचाने के एवज में उसे प्रत्येक चक्कर का एक लाख रुपया मिलता था। इसी लालच में वह यह खेप लेकर जा रहा था कि पकड़ा गया।
उक्त गिरफ्तारी व बरामदगी के संबंध में थाना मड़िहान पर मु0अ0सं0-228/2026 धारा 8/20/29 मादक पदार्थ निरोधक कानून के अंतर्गत मामला पंजीकृत कर नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही करते हुए अभियुक्त को न्यायालय/जेल भेजा जा रहा है। गांजा तस्करी में प्रयुक्त मालवाहक वाहन संख्या एमपी 28 एच 4005 को सीज कर दिया गया है।
गिरफ्तारी व बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक रवीन्द्र भूषण मौर्य, प्रभारी निरीक्षक मड़िहान मय पुलिस टीम तथा उपनिरीक्षक रणेन्द्र कुमार सिंह, प्रभारी विशेष कार्य बल क्षेत्र इकाई प्रयागराज मय पुलिस टीम शामिल रहे।







