वाराणसी
आदमपुर थाना क्षेत्र के मालवीय पुल पर शुक्रवार की देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 36 वर्षीय महिला गंगा नदी में छलांग लगाने के उद्देश्य से पुल की जाली पर चढ़ गई। इसी दौरान बाइक से दुल्हीपुर जा रहे एक युवक की नजर महिला पर पड़ गई। युवक ने तत्परता दिखाते हुए दौड़कर महिला को नीचे खींच लिया और उसे राजघाट पर मौजूद आदमपुर पुलिस के पास ले गया।
पुलिस ने महिला के पास मिले मोबाइल फोन के जरिए परिजनों से संपर्क किया। सूचना पर पहुंचे गोविन्द ने बताया कि महिला उसके बड़े भाई राजेश की पत्नी है। उसने बताया कि शुक्रवार को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद महिला पुत्री की दवा लेने की बात कहकर सारनाथ स्थित घर से शाम को निकली थी।
पुलिस ने महिला को समझा-बुझाकर शांत कराया और बाद में उसके देवर गोविन्द के साथ घर भेज दिया। राहगीर की सतर्कता और तत्परता से महिला की जान बच गई







