रुबी गुप्ता को मिला तीज क्वीन का खिताब
लायंस क्लब वाराणसी गंगा द्वारा सावन की मस्ती, हरियाली और तीज की खुशियों को समर्पित ‘तीज महोत्सव’ का भव्य आयोजन मलदहिया वाराणसी स्थित होटल हिन्दुस्तान इंटरनेशनल में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय संस्कृति, परंपरा एवं महिला शक्ति के उत्सव को एक मंच पर प्रस्तुत करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. अंशु सिंह, पूर्व डिप्टी डायरेक्टर हेल्थ, उत्तर प्रदेश सरकार उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में ला. रमा अग्रवाल एवं ला. रेनू अग्रवाल शामिल रहीं। कार्यक्रम में अंशु सिंह, अर्चना सिंह एवं रूपम जिंदल की गरिमामयी उपस्थिति रही
महोत्सव में तीज पर्व की पारंपरिक एवं मनोहारी छटा देखने को मिली। महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सावन, हरियाली, तीज, भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम स्थल को हरियाली, फूलों एवं पारंपरिक सजावट से आकर्षक रूप प्रदान किया गया।

प्रतियोगिताओं में तीज क्वीन का खिताब रूबी गुप्ता, जबकि डांस प्रतियोगिता की विजेता माया सिंह रहीं। लायन लेडी अर्चना सिंह को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन लायन पिंकू अग्रहरी एवं मधु अग्रहरी के नेतृत्व में किया गया। क्लब के सचिव लायन अशोक मौर्य एवं सुमन मौर्य तथा कोषाध्यक्ष लायन सुनील केसरी एवं विनिता केसरी ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के संयोजन में अंजना कुशवाहा, वंदना सिंह, माया सिंह, रूबी गुप्ता, संध्या गुप्ता, रेखा वर्मा एवं रूबी अग्रहरी का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का सफल संचालन नाहिद अमान एवं डा.प्रीति गुप्ता ने किया।
लायंस क्लब वाराणसी गंगा के पदाधिकारियों ने कहा कि तीज महोत्सव केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपराओं, नारी शक्ति और सामाजिक एकता का सुंदर प्रतीक है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का अवसर मिलता है।







