रामनगर, वाराणसी श्री दुर्गा पूजा समिति, चौक रामनगर की आवश्यक बैठक 15 सितंबर 2026, मंगलवार को समिति के उपाध्यक्ष रूपेंद्र किशोर पांडेय “पम्मू गुरु” के लॉन में संपन्न हुई। बैठक में आगामी दुर्गा पूजा को भव्य एवं आकर्षक बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष दुर्गा पूजा पंडाल 51 फीट ऊंचा बनाया जाएगा। पंडाल को भव्य और आकर्षक स्वरूप देने के लिए पश्चिम बंगाल के कुशल कारीगरों को जिम्मेदारी दी जाएगी। पंडाल की विशेष विद्युत सजावट भी की जाएगी, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक भावना को ध्यान में रखते हुए तीन दिनों तक विशेष प्रसाद वितरण की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही पूजा पंडाल में आने वाले अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान के लिए भी विशेष इंतजाम किए जाएंगे।
समिति के अध्यक्ष गोपी कृष्ण चौरसिया “नीलू” ने कहा कि श्री दुर्गा पूजा समिति, चौक रामनगर वर्ष 1979 से लगातार मां दुर्गा की स्थापना एवं पूजन का कार्य करती आ रही है। इस आयोजन में पूरे नगर के लोगों एवं श्रद्धालुओं का निरंतर सहयोग मिलता रहा है। समिति का प्रयास है कि इस वर्ष भी पूजा का आयोजन भव्य और यादगार बनाया जाए।
समिति के महामंत्री संतोष द्विवेदी ने कहा कि समिति अपने स्थापना के 48वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। इस अवसर पर पंडाल में विशेष विद्युत सजावट के साथ पूजा के दौरान विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। श्रद्धालुओं को मां दुर्गा के दर्शन के उपरांत विशेष प्रसाद वितरित किया जाएगा तथा पूजा पंडाल में आने वाले अतिथियों का सम्मान भी किया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष गोपी कृष्ण चौरसिया “नीलू” ने की तथा संचालन महामंत्री संतोष द्विवेदी ने किया।बैठक में मुख्य रूप से शैलेन्द्र किशोर पांडेय “मधुकर”, सुरेश बहादुर सिंह, राजेश कुमार, गौरी शंकर जायसवाल, रूपेंद्र किशोर पांडेय, कृष्ण कुमार जायसवाल, अनिल गुप्ता, संदीप चौरसिया, जसवंत सिंह, रवि जायसवाल, गंगा राम मौर्या, राजेंद्र प्रसाद, सुभाष चौहान, विष्णु गुप्ता, उज्ज्वल कुमार, अर्पित केशरी, रामबाबू सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।







