प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने वाराणसी में सफाई व्यवस्था का किया औचक निरीक्षण

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

वाराणसी

प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा जनपद वाराणसी के प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने टकटकपुर, अनौला तथा मीरापुर बसही क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर कूड़ा जमा मिलने, सीवर एवं जलनिकासी की समस्या तथा गलियों की खराब स्थिति पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की

प्रभारी मंत्री ने टकटकपुर मुख्य मार्ग पर सुनील जलपान की दुकान के सामने बड़ी मात्रा में कूड़ा पड़ा पाया। इसी प्रकार अनौला में अमर पुष्प कुंज के सामने तथा अनौला-मीरापुर बसही मुख्य मार्ग पर भी कूड़ा जमा मिला। मीरापुर बसही रोड स्थित श्यामपुर कॉलोनी के ब्लॉक-बी के सामने मुख्य मार्ग पर भी गंदगी पाई गई।

निरीक्षण के दौरान मीरापुर बसही में स्वास्थ्य मेडिकल एजेंसी के सामने सीवर खराब मिला, जिससे गंदा पानी पास के खाली भूखंड में जा रहा था। भूखंड में कूड़ा भी पड़ा हुआ था। इसके अतिरिक्त वार्ड संख्या-16 के अंतर्गत मीरापुर बसही क्षेत्र की कुछ गलियां क्षतिग्रस्त पाई गईं।

खन्ना ने सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित जिम्मेदार कर्मचारी का दो दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को सभी चिह्नित स्थानों से तत्काल कूड़ा हटवाने, खराब सीवर एवं जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने तथा क्षतिग्रस्त गलियों की मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारी नियमित रूप से क्षेत्रों का भ्रमण कर सफाई कार्यों की निगरानी करें तथा यह सुनिश्चित करें कि मुख्य मार्गों, गलियों एवं खाली भूखंडों पर कूड़ा जमा न होने पाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाए।

 

रिपोर्ट – जगदीश शुक्ला

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई