मीरजापुर,थाना जमालपुर पुलिस ने वाहन चोरी के एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। अभियुक्त बिहार का रहने वाला है और शादी समारोहों से बाइक चुराने का काम करता था।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशों के बाद थाना जमालपुर पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर गुरुवार (11 सितंबर) को रेलवे स्टेशन मीरजापुर के पास से नीतीश कुमार विन्द (उम्र करीब 22 वर्ष) पुत्र शिवलोचन विन्द, निवासी ग्राम बेलाडीह, थाना चाँद, जिला कैमुर-भभुआ (बिहार) को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर शेरवा पहाड़ी के नीचे खंडहर में छिपाकर रखी गई दो मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। इनमें पैशन प्रो (रजिस्ट्रेशन नंबर UP67P6759) और स्प्लेंडर प्लस (रजिस्ट्रेशन नंबर UP63Y5674) शामिल हैं।
मामला थाना जमालपुर के मुकदमा संख्या 77/2026 धारा 303(2) बीएनएस से जुड़ा है। वादी रीन्टू पुत्र हीरालाल बियार, ग्राम घरवाह ने 1 मई 2026 को शिकायत दी थी कि वे रिस्तेदारी की शादी में गए थे, जहां से उनकी मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ शादी समारोहों का मौका देखकर मोटरसाइकिलें चुराकर बेचने का काम करता है। उसके नाम दो आपराधिक मामले दर्ज हैं—मुकदमा संख्या 77/2026 और 97/2026, दोनों थाना जमालपुर में।
गिरफ्तारी और बरामदगी उपनिरीक्षक अमित कुमार (थानाध्यक्ष जमालपुर), उपनिरीक्षक सुजीत कुमार सेठ (चौकी प्रभारी शेरवां), उपनिरीक्षक जयप्रकाश यादव, मुख्य आरक्षी रणजीत यादव व राधेमोहन तथा आरक्षी सत्यविजय, अगम सिंह व मनीष कुमार की टीम ने की। अभियुक्त को अदालत भेजकर जेल भेज दिया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।







