आजमगढ़
गैंगस्टर एक्ट में वांछित और 25-25 हजार रुपये के दो इनामी अभियुक्तों को तरवां पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान भदोही के कोईरौना थाना क्षेत्र के झरिहंगपुर निवासी सुमित यादव (23) और मन्नीपुर निवासी प्रदुम्मन यादव (26) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों जामवन्त यादव उर्फ जमुना गैंग के सक्रिय सदस्य हैं, जिसका आपराधिक नेटवर्क आजमगढ़ से लेकर वाराणसी और भदोही तक फैला हुआ है।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी थाना मिर्जामुराद, वाराणसी में दर्ज मुकदमे में वांछित थे। गिरफ्तारी नहीं होने पर एसएसपी आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार ने 6 सितंबर 2026 को दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
शनिवार को थानाध्यक्ष तरवां राजीव सिंह पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान तरवां-मेहनाजपुर सीमा पर पुलिया के पास ग्राम नूरपुर/भंवरपुर क्षेत्र में सुबह करीब 9:35 बजे दोनों इनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
विवेचना के दौरान सामने आया कि 28 अप्रैल 2025 को थाना मिर्जामुराद में दर्ज मुकदमे में जामवन्त यादव उर्फ जमुना, सुमित यादव और प्रदुम्मन यादव के नाम प्रकाश में आए थे। इसके बाद मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी कर विवेचना पूरी करते हुए आरोप पत्र न्यायालय भेजा गया।
32 मुकदमों वाला है गैंग का सरगना
पुलिस के मुताबिक गैंग के प्रमुख सदस्य जामवन्त यादव उर्फ जमुना के खिलाफ लूट, हत्या के प्रयास, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट, अवैध असलहा और एनडीपीएस एक्ट समेत कुल 32 मुकदमे दर्ज हैं।
वहीं हीरालाल यादव के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी और एससी/एसटी एक्ट समेत चार मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। जामवन्त और हीरालाल को पुलिस पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार गैंग के कुल चार अभियुक्तों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।







