मिर्जापुर,
श्री बाबा नीम करौली जी की पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार को श्री साई परिवार सेवा संगठन के तत्वावधान में स्थानीय मंडलीय चिकित्सालय में एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस पुनीत कार्य के माध्यम से समाज में मानवता और सेवा की मिसाल पेश की गई।
शिविर की अध्यक्षता संस्था के संस्थापक अध्यक्ष शुभम गुप्ता ने की। युवाओं और महिलाओं ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कुल 20 लोगों ने रक्तदान के लिए पंजीकरण कराया, जिनमें से स्वास्थ्य मानकों पर खरे उतरने वाले 15 पुरुष एवं महिलाओं ने सफलतापूर्वक रक्तदान किया।
डॉ. विनोद कनोजिया ने सभी रक्तदाताओं का गहन स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें उचित परामर्श दिया। उन्होंने पूरी प्रक्रिया को सुरक्षित और चिकित्सा नियमों के अनुरूप सुनिश्चित किया। रक्तदान के पश्चात जन संपर्क अधिकारी राम कुमार गुप्ता और शुभम गुप्ता ने सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र भेंट कर सम्मानित किया तथा समाज हित में दिए गए योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में लीनेश क्लब आर्या की अध्यक्ष वंदना राय तथा सविता देवी सेवा ट्रस्ट का विशेष सहयोग रहा।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज सेवा और मानवता की भावना को प्रबल करना था। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी नियमित रूप से रक्तदान एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। संगठन ने आम जनमानस से अपील की है कि वे ऐसे जीवन रक्षक कार्यों में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करें।
रक्तदाताओं में क्षितिज अग्रवाल, अमित गुप्ता, जितेन्दर बिंद, अश्वनी पंडा, आदित्य सिंह, प्रतीक गुप्ता, धीरज, वर्चसव, शिवम्, राकेश, राज, मनीष, अजय, कनुप्रिया, वंदना राय, सिंपल साध, शालिनी पाण्डेय, राहुल, निहाल दुबे और गौरांग खंडेलवाल शामिल रहे।







