मीरजापुर, थाना चुनार पुलिस ने शुक्रवार को पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार कर चोरी के आभूषण (अनुमानित कीमत लगभग छह लाख रुपये) तथा एक लाख रुपये नगद बरामद किए हैं। गिरफ्तारी चुनार किला परेड ग्राउण्ड के पास से हुई।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक आपरेशन राजकुमार मीणा व क्षेत्राधिकारी चुनार गायत्री यादव के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक चुनार के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में यह कार्रवाई हुई। अभियुक्तों को थाना चुनार पर पंजीकृत मुकदमा संख्या 303/2026 धारा 305(ए), 331(3), 317(2) बीएनएस तथा मुकदमा संख्या 362/2026 धारा 305(ए), 317(2) बीएनएस से संबंधित चोरी के मामलों में गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त हैं— अभिषेक तिवारी (21) पुत्र उपेन्द्र तिवारी निवासी ग्राम पचराव थाना चुनार, मोहित तिवारी (29) पुत्र स्व. प्रदीप तिवारी निवासी ग्राम पचराव थाना चुनार, अनुज तिवारी (26) पुत्र स्व. पवन कुमार तिवारी निवासी ग्राम दिनदासपुर थाना जंसा वाराणसी, पार्थ उर्फ साहिल (24) पुत्र अश्वनी सिंह निवासी थाना जंसा वाराणसी तथा मोहम्मद शान (21) पुत्र कय्यूम निवासी ग्राम सजोई थाना जंसा वाराणसी।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त पहले बाहर से बंद मकानों की रेकी करते थे। कुछ लोग बाहर पहरा देते थे जबकि अन्य ताला तोड़कर अंदर घुसकर आभूषण व सामान की चोरी करते थे। चोरी का माल ट्रेन व बसों में घूम-घूमकर बेचा जाता था ताकि कैमरों से बचा जा सके।
बरामदगी में एक सफारी ग्रे बैग में रखा हार, सीकड़ी, दो लाकेट मंगलसूत्र, दो जोड़ी कंगन, सात जोड़ी कान की बालियां, सात अंगूठियां (पीली धातु), सात जोड़ी पायल, दो जोड़ी घुंघरुदार पायल (सफेद धातु), पासबुक, आधार कार्ड, सात मोबाइल फोन तथा एक लाख रुपये नगद शामिल हैं।
कार्रवाई उप निरीक्षक अखिलेश कुमार यादव, सदानन्द सिंह, कुमार संतोष कुमार, मुख्य आरक्षी धनराज यादव तथा आरक्षी दिग्विजय व नरेन्द्र मौर्या की टीम ने की।







