वाराणसी
बरेका के भविष्य, उत्पादन क्षमता एवं कर्मचारियों के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार के समक्ष बरेका कर्मचारी परिषद् के प्रतिनिधिमंडल ने गंभीरता से अपनी मांगें रखीं संयुक्त सचिव कर्मचारी परिषद् प्रदीप यादव ,कर्मचारी परिषद् सदस्य नवीन सिन्हा एवं सुशील सिंह ने रेलवे बोर्ड अध्यक्ष से मांग की बरेका में पीओएच (पीरियॉडिक ओवर हॉलिंग) जैसे शेड के कार्यों के स्थान पर नए एवं आधुनिक लोको के निर्माण का कार्य दिया जाए।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बरेका की उत्पादन क्षमता, आधुनिक मशीनरी, तकनीकी विशेषज्ञता एवं कुशल कर्मचारियों का उपयोग शेड आधारित कार्यों के बजाय आधुनिक लोको निर्माण में किया जाना अधिक उपयोगी एवं भविष्य की रेल आवश्यकताओं के अनुरूप होगा।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि बरेका को वंदे भारत, हाई स्पीड ट्रेन, इलेक्ट्रिक लोको, गैर-रेलवे ग्राहकों के लिए लोको तथा पुश-पुल लोको जैसे आधुनिक एवं नई तकनीक वाले लोको के निर्माण का पर्याप्त एवं नियमित कार्य दिया जाए। इन लोको का उत्पादन बरेका में ही घरेलू/आंतरिक स्तर पर कराया जाए, जिससे बरेका की उत्पादन क्षमता का अधिकतम उपयोग हो सके और संस्थान को आधुनिक रेल उत्पादन के क्षेत्र में और अधिक मजबूत बनाया जा सके।
प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट रूप से कहा कि पीओएच जैसे शेड के कार्यों के स्थान पर बरेका को नए लोको उत्पादन का कार्य दिया जाना चाहिए, ताकि बरेका के संसाधनों एवं कर्मचारियों की दक्षता का बेहतर उपयोग हो तथा बरेका देश की आधुनिक रेल आवश्यकताओं को पूरा करने वाली प्रमुख उत्पादन इकाई के रूप में अपनी भूमिका को और मजबूत कर सके।
वर्ष 2026-27 में 70% प्रोत्साहन बोनस तत्काल लागू करने की मांग
कर्मचारी हितों से जुड़े महत्वपूर्ण विषय के रूप में प्रतिनिधिमंडल ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में 70 प्रतिशत प्रोत्साहन बोनस की सीमा को अविलंब लागू करने के लिए आवश्यक सहमति प्रदान करने की मांग भी रेलवे बोर्ड अध्यक्ष के समक्ष प्रमुखता से रखी।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बरेका के कर्मचारियों ने उत्पादन लक्ष्यों को पूरा करने में निरंतर मेहनत, लगन, तकनीकी दक्षता एवं समर्पण के साथ महत्वपूर्ण योगदान दिया है। कर्मचारियों के इस योगदान को देखते हुए 70 प्रतिशत प्रोत्साहन बोनस को तत्काल लागू किया जाना चाहिए, ताकि कर्मचारियों को उनके परिश्रम का उचित प्रोत्साहन मिल सके।
प्रदीप यादव, नवीन सिन्हा एवं सुशील सिंह ने कहा कि बरेका के कर्मचारियों के हितों की रक्षा के साथ-साथ बरेका के उज्ज्वल भविष्य के लिए आधुनिक लोको उत्पादन बढ़ाना हमारी प्राथमिकता है। बरेका की क्षमता और कर्मचारियों की दक्षता का पूरा उपयोग तभी संभव है, जब यहां पीओएच जैसे शेड कार्यों के स्थान पर आधुनिक एवं उच्च तकनीक वाले लोको निर्माण के पर्याप्त कार्य उपलब्ध कराए जाएं।
प्रतिनिधिमंडल ने रेलवे बोर्ड अध्यक्ष सतीश कुमार से दोनों प्रमुख मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेते हुए आवश्यक आदेश जारी करने का आग्रह किया। साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास व्यक्त किया कि बरेका के उत्पादन एवं कर्मचारियों के हित में रेलवे बोर्ड सकारात्मक पहल करेगा
रिपोर्ट – विवेक कुमार यादव







