गोपीगंज नगर के मिर्जापुर रोड स्थित एक लान में आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन में सांसद डा. विनोद बिन्द ने बड़ी संख्या में उपस्थित व्यापारियों, शिक्षाविदों, समाजसेवियों, चिकित्सकों, अधिवक्ताओं तथा विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिकों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में क्षेत्र के बुद्धिजीवियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही और विकास सहित विभिन्न सामाजिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
सांसद डा. विनोद बिन्द ने कहा कि समाज के विकास में प्रबुद्ध वर्ग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। व्यापारी, शिक्षक, चिकित्सक, अधिवक्ता और समाजसेवी समाज को सही दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने और समाज में सकारात्मक वातावरण बनाने में प्रबुद्धजनों का सहयोग सदैव सराहनीय रहा है।
सांसद ने कहा कि जनप्रतिनिधि और समाज के प्रबुद्ध वर्ग के बीच निरंतर संवाद बना रहना चाहिए, जिससे क्षेत्र की समस्याओं का समयबद्ध समाधान संभव हो सके। उन्होंने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से उठाने तथा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिलाया। साथ ही सभी से सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारा और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किए गए लोगों ने सांसद के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संवाद और सहयोग की भावना मजबूत होती है। सम्मेलन में उपस्थित लोगों ने क्षेत्र के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार एवं व्यापार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने सुझाव भी रखे, जिन पर सांसद ने सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में व्यापारी, सामाजिक संगठन के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्र के सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे। जिसमें शैलेन्द्र दुबे,अनिल त्रिपाठी,सिद्धनाथ शुक्ला, बंशीधर उपाध्याय,मिठाई लाल दुबे, डा. राकेश त्रिपाठी, सुरेश पांडेय, प्रियंका बिंद, प्रमोद अग्रवाल, मोहित उमर, इंद्रजीत त्रिपाठी आदि रहे।







