वाराणसी
अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) आलोक प्रियदर्शी को पुलिस विभाग की ओर से भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर मोहित अग्रवाल ने उनके निष्ठावान, कर्तव्यपरायण, उत्कृष्ट एवं बेदाग सेवाकाल की सराहना करते हुए सम्मानित किया।
विदाई समारोह में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि आलोक प्रियदर्शी के दीर्घ एवं गौरवपूर्ण सेवाकाल के दौरान उनके अनुभव, कार्यकुशलता, अनुशासन और कर्तव्य के प्रति समर्पण ने पुलिस विभाग को मजबूती प्रदान की। उन्होंने पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया, जो विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए प्रेरणादायी रहेगा।
उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति सेवा का अंत नहीं, बल्कि जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत है। पुलिस आयुक्त ने आलोक प्रियदर्शी के आगामी जीवन के लिए सुखद, स्वस्थ, समृद्ध और शांतिपूर्ण भविष्य की कामना की।
समारोह में उनके उज्ज्वल भविष्य, परिवार के साथ सुखद समय बिताने तथा नई ऊर्जा और उत्साह के साथ जीवन की नई पारी शुरू करने के लिए शुभकामनाएं दी गईं। इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
वाराणसी पुलिस परिवार ने एक कर्तव्यनिष्ठ और बेदाग अधिकारी को सम्मान के साथ विदाई देते हुए उनके नए जीवन की पारी के लिए शुभकामनाएं दीं।







