वर्दी उतरी तो आंखें नम हुईं, यादों में रह गया पुलिस का सफर

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

गोरखपुर

पुलिस की नौकरी सिर्फ एक नौकरी नहीं होती, यह ऐसा सफर है जिसमें वर्दी के साथ-साथ साथी भी परिवार बन जाते हैं। ड्यूटी की भागदौड़, कानून-व्यवस्था की चुनौतियां, रात-दिन की जिम्मेदारियां और साथियों के साथ बिताए अनगिनत पल जब सेवानिवृत्ति के दिन याद आते हैं तो माहौल भावुक हो उठता है। कुछ ऐसा ही दृश्य सोमवार को पुलिस लाइन में देखने को मिला, जब अधिवर्षता आयु पूरी कर चुके चार पुलिसकर्मियों को सम्मान के साथ विदाई दी गई

क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों को फूल-माला पहनाकर, शॉल और पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया। विदाई के दौरान माहौल में सम्मान के साथ भावुकता भी साफ नजर आई। लंबे समय तक पुलिस विभाग का हिस्सा रहे इन कर्मचारियों के लिए यह पल केवल नौकरी से विदा होने का नहीं, बल्कि अपनी जिंदगी के एक बड़े अध्याय को पीछे छोड़ने का भी था।

सेवानिवृत्त होने वालों में उपनिरीक्षक कन्हैया राम, उपनिरीक्षक अशोक कुमार, उपनिरीक्षक शिव सिंह और अनुचर गुड़िया देवी शामिल रहीं।

पुलिस विभाग में जब कोई जवान या अधिकारी पहली बार वर्दी पहनकर कदम रखता है तो उसके मन में उत्साह, गर्व और जिम्मेदारी का भाव होता है। वर्षों तक वही वर्दी उसकी पहचान बन जाती है। ड्यूटी के दौरान कभी सख्ती दिखानी पड़ती है तो कभी पीड़ित के आंसू पोंछने पड़ते हैं। इसी बीच सहकर्मियों के साथ बना रिश्ता धीरे-धीरे परिवार जैसा हो जाता है।

लेकिन वर्षों की सेवा के बाद जब विदाई का समय आता है तो वही वर्दी, वही पुलिस लाइन और वही साथी अचानक बीती पूरी नौकरी की तस्वीरें आंखों के सामने ला देते हैं। किस ड्यूटी पर कौन साथ था, किस चुनौती का सामना किया, किस घटना में पूरी रात जागना पड़ा और किन साथियों के साथ मुश्किल वक्त गुजरा—यादों का सिलसिला थमने का नाम नहीं लेता।

शायद यही वजह है कि पुलिसकर्मी की सेवानिवृत्ति केवल एक कर्मचारी की विदाई नहीं होती। यह उस वर्दी से विदाई होती है, जिसने वर्षों तक उसके व्यक्तित्व और पहचान को अपने भीतर समेटे रखा। वर्दी की हनक भले ही सेवानिवृत्ति के साथ कम हो जाए, लेकिन उसके साथ जुड़ी यादें और सम्मान हमेशा कायम रहते हैं।

क्षेत्राधिकारी रवि कुमार सिंह ने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के उज्ज्वल भविष्य और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक अविचल पांडेय समेत पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

 

रिपोर्ट : जगदीश शुक्ला

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई