मीरजापुर, 25 अगस्त 2026
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा चयनित प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी के 48 अभ्यर्थियों को विकास भवन सभागार, मीरजापुर में नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मा0 विधायक नगर रत्नाकर मिश्र, मा0 विधायक मड़िहान रमाशंकर सिंह पटेल, अध्यक्ष जिला सहकारी समिति डॉ. जगदीश सिंह पटेल व नगर पालिका अध्यक्ष नगर पालिका परिषद मीरजापुर श्याम सुंदर केशरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उप कृषि निदेशक विकेश कुमार ने सभी अतिथियों का बुके देकर स्वागत किया।
नगर विधायक रत्नाकर मिश्र ने नव चयनितों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार कृषि विस्तार को बढ़ावा दे रही है। इन प्राविधिक सहायकों की नियुक्ति से किसानों को नई तकनीकी जानकारी सीधे खेत तक पहुंचेगी।
मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार के निरंतर अवसर दे रही है। कृषि विभाग में हुई यह नियुक्ति ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देगी। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने नव नियुक्त प्राविधिक सहायकों से अपेक्षा की कि वे सरकार की समस्त कृषि योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करें और किसानों को आधुनिक खेती के गुर सिखाएं।
गौरतलब है कि लखनऊ के जुपिटर हॉल, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश के कुल 3446 चयनित प्राविधिक सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किया गया, जिसका सजीव प्रसारण मीरजापुर के कार्यक्रम में भी देखा गया।
इस अवसर पर उप निदेशक कृषि रक्षा दीपक चौधरी, जिला कृषि अधिकारी डॉ. अवधेश कुमार, जनपद सलाहकार डॉ. सुधीर श्रीवास्तव, परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी सहित कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। संचालन राजेन्द्र प्रसाद तिवारी उर्फ लल्लू तिवारी ने किया।







