वाराणसी:
मान्यवर कांशीराम शहरी गरीब आवास योजना, इंद्रपुर, शिवपुर के निवासियों ने जिलाधिकारी वाराणसी के नाम पत्रक सौंपा।
निवासियों का कहना है कि 20 अगस्त 2026 को योजना के प्रथम चरण के ब्लॉक नंबर 61 के आवास संख्या 10 का ऊपरी हिस्सा अचानक गिर गया।
मलबे के साथ वहां मौजूद निवासी शीतला प्रसाद उर्फ शीतालू तीन मंजिल से नीचे गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत दीनदयाल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मृत्यु हो गई।
मृतक एक मजदूर थे, उनके छोटे-छोटे बच्चे हैं और अभी तक परिवार को कोई सरकारी सहायता नहीं मिली है।
निवासियों ने बताया कि आवास का निर्माण केवल 16 वर्ष पहले हुआ था, लेकिन सभी ब्लॉक जर्जर हो चुके हैं।
इससे पहले भी जर्जर भवनों के गिरने से कई लोगों की मौत हो चुकी है, पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। सभी निवासी डर के साए में जीवन यापन कर रहे हैं।
निवासियों ने मांग की है कि मृतक के परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता दी जाए, उनके आवास का पुनर्निर्माण और सभी आवासों की मरम्मत कराई जाए ताकि भविष्य में कोई गंभीर हादसा न हो।







