मिर्जापुर
भारतीय राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के प्रदेश अध्यक्ष मा. अशोक सिंह के निर्देश पर, जिला अध्यक्ष राजेश नारायण तिवारी के नेतृत्व में श्रमिकों, किसानों एवं आमजन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर इंटक के पदाधिकारियों द्वारा जिलाधिकारी मिर्जापुर के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति महोदया के नाम बहुसूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में श्रम संहिताओं को निरस्त करने, सभी श्रमिकों के लिए न्यूनतम मजदूरी ₹42,000 तक निर्धारित कर उसे महंगाई भत्ते (DA) से जोड़ने, औपचारिक एवं अनौपचारिक क्षेत्र के श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने, 8 घंटे के कार्यदिवस एवं सामूहिक सौदेबाजी के अधिकार को सुनिश्चित करने, निश्चित अवधि के रोजगार को समाप्त करने, सभी फसलों पर C2+50% के आधार पर MSP की कानूनी गारंटी एवं खरीद सुनिश्चित करने,
विद्युत संशोधन विधेयक-2025 को वापस लेने, मनरेगा को 200 दिन के काम और ₹700 दैनिक मजदूरी के साथ बहाल करने, ठेका एवं आउटसोर्सिंग व्यवस्था को समाप्त करने, किसानों एवं गरीबों के लिए व्यापक ऋण माफी, कृषि संसाधन नियंत्रण अधिनियम का कड़ाई से पालन, सार्वजनिक उपक्रमों के निजीकरण पर रोक, OPS बहाल करने एवं EPS-95 में पेंशन बढ़ाने, नियमित पदों पर भर्तियां एवं रोजगार के अवसर बढ़ाने, श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ देने, ILO के श्रम मानकों को लागू करने,

राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा संशोधन अधिनियम को निरस्त कर सस्ती एवं सार्वभौमिक स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने, शिक्षा के क्षेत्र में सरकारी निवेश बढ़ाने, स्वच्छ पेयजल, स्वच्छता एवं आवास की सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने, महिलाओं को विधानसभा एवं संसद में 33 प्रतिशत आरक्षण देने तथा संपत्ति कर एवं अति धनाढ्य वर्ग पर कर बढ़ाने सहित अनेक महत्वपूर्ण मांगें प्रमुखता से उठाई गईं।
राजेश नारायन तिवारी ने कहा कि श्रमिक और किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उनके अधिकारों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। श्रमिकों एवं किसानों के हितों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन के माध्यम से सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाई जाएगी।
इंटक ने स्पष्ट किया कि श्रमिकों, किसानों और आम जनता के अधिकारों एवं सम्मान की रक्षा के लिए संघर्ष निरंतर जारी रहेगा। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता एवं पत्रकार शशिभूषण दुबे, दीप चंद्र जैन, एडवोकेट मनीष दुबे, संतोष यादव, राजधर दुबे, राम श्रृंगार दुबे, रामनाथ दुबे, सुरेंद्र कुमार शर्मा, अशोक मिश्रा, राज पाल, रितेश मिश्रा, अतुल तिवारी, मजहब अली, जितेंद्र चौबे, केशवप्रसाद बिंद, मानस मोहिले, दीपक दुबे, तुलसीराम बिंद, राजू, मो आरिफ सहित अनेक संख्या में पदाधिकारी उपस्थित रहे।







