वाराणसी
लंका थाना क्षेत्र के नरोत्तमपुर में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए करीब 22 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और दो लाख रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित परिवार के सदस्य सूरज सिंह ने बताया कि 21 अगस्त की रात पूरा परिवार खाना खाने के बाद सोने चला गया था। देर रात करीब चार बजे छोटे बच्चे के उठने पर परिवार के लोग जागे। इस दौरान देखा गया कि प्रथम तल पर जिस कमरे का दरवाजा बंद कर परिवार सोया था, वह खुला हुआ था। दीवान बेड का एक पल्ला हटाकर चोरों ने उसमें रखे दो लाख रुपये नकद और लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर लिए।

सूरज सिंह के अनुसार चोरी हुए सामान में सोने का हार, सोने के कंगन, चार सेट कान के झुमके, पायल, चार महिलाओं की अंगूठियां और चांदी की करधनी समेत अन्य आभूषण शामिल हैं। परिवार के मुताबिक चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 22 लाख रुपये है।
घटना की जानकारी होने के बाद पीड़ित परिवार ने लंका थाने में तहरीर दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
सूरज सिंह ने बताया कि क्षेत्र में रात के समय कुछ असामाजिक तत्व शराब पीकर हंगामा और संदिग्ध गतिविधियां करते हैं। उनका कहना है कि यदि पुलिस ऐसे लोगों को चिन्हित कर पूछताछ करे तो चोरी की घटना का सुराग मिल सकता है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से जल्द से जल्द चोरी गए जेवर और नकदी बरामद करने की मांग की है।







