चन्दौली डीडीयू नगर
सुभाष नगर वार्ड स्थित जिले के दूसरे सबसे बड़े तालाब पर अब भव्य और स्थायी छठ घाट का निर्माण कराया जाएगा। गुरुवार को नगर पालिका परिषद पीडीडीयू नगर की ओर से घाट निर्माण और तालाब के सुंदरीकरण के लिए भूमि पूजन कर कार्य का शुभारंभ किया गया। वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर वार्डवासियों में खुशी की लहर है।
करीब चार बीघे में फैले तालाब के सुंदरीकरण और छठ घाट निर्माण पर नगर पालिका परिषद की ओर से लगभग 38 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। स्थायी घाट बनने के बाद छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिलेगी। साथ ही तालाब के आसपास साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं में भी सुधार होने की उम्मीद है।

सुभाष नगर की सभासद आरती यादव ने बताया कि तालाब के सुंदरीकरण और स्थायी छठ घाट निर्माण के लिए पिछले करीब सात वर्षों से प्रयास किया जा रहा था। लगातार मांग और प्रयास के बाद अब बजट स्वीकृत हुआ है। इसी क्रम में गुरुवार को विधिवत भूमि पूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत की गई।
उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों से वार्डवासियों के सहयोग से इसी तालाब पर छठ पूजा का आयोजन किया जा रहा था। पूजा के दौरान तालाब का पानी निकालकर सबमर्सिबल के माध्यम से साफ पानी भरा जाता था, ताकि व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। स्थायी घाट बनने से अब श्रद्धालुओं को बेहतर और सुरक्षित व्यवस्था मिल सकेगी।
स्थानीय लोगों ने कहा कि छठ घाट बनने से धार्मिक आयोजन को सुविधा मिलने के साथ तालाब का भी कायाकल्प होगा। इससे वार्ड की सुंदरता बढ़ेगी और लोगों को बेहतर सार्वजनिक स्थल भी उपलब्ध होगा।
भूमि पूजन कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद की चेयरमैन सोनू किन्नर, सभासद आरती यादव, चेयरमैन प्रतिनिधि शमशाद सरवन, मोनू यादव सहित नगर पालिका के कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे। लोगों ने निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जताते हुए नगर पालिका के प्रति आभार व्यक्त किया।










Users Today : 2
Users This Year : 24681
Total Users : 37274
Views Today : 3
Total views : 73311