चन्दौली
शिवपुर-अकोढ़ा के पास भारतमाला परियोजना के निर्माण कार्य के दौरान गड़ई नदी का जलप्रवाह बाधित हो गया था। इसके कारण नदी का जलस्तर बढ़ने से आसपास के किसानों की फसलें जलमग्न हो गई थीं। किसानों की समस्या की जानकारी मिलते ही भाजपा नेता सूर्यमुनी तिवारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
सूर्यमुनी तिवारी ने किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी चंदौली से तत्काल वार्ता की। इसके बाद गड़ई नदी पर बने अवरोध को खुलवाकर पानी की निकासी का रास्ता बनाया गया। जल निकासी शुरू होने से किसानों एवं आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
इस दौरान मौके पर दर्जनों गांवों के ग्रामीण मौजूद रहे। समस्या का त्वरित समाधान होने पर ग्रामीणों ने सूर्यमुनी तिवारी का धन्यवाद करते हुए आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर सूर्यमुनी तिवारी ने कहा, “किसानों का हित और उनकी फसल की सुरक्षा हमारे लिए सर्वोपरि है। गड़ई नदी का जलप्रवाह बाधित होने से किसानों को नुकसान हो रहा था। समस्या की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी से वार्ता कर तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराई गई। क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों की हर समस्या के समाधान के लिए मैं सदैव उनके साथ खड़ा रहूंगा।”
उन्होंने कहा कि जनहित और किसानों से जुड़े विषयों पर हर संभव प्रयास कर समस्याओं का त्वरित समाधान कराया जाएगा।







