सैयदराजा(चंदौली)
नगर पंचायत सैयदराजा स्थित रेलवे फुटओवर ब्रिज पर बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बंदरों के झुंड के कारण प्रतिदिन सैकड़ों राहगीरों, महिलाओं, छात्रों और बुजुर्गों को पुल पार करने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है
स्थिति यह है कि कई लोग बंदरों के डर से फुटओवर ब्रिज का उपयोग करने के बजाय जान जोखिम में डालकर किसी तरह सीधे रेलवे ट्रैक पार करने को मजबूर हो रहे हैं। फुटओवर ब्रिज पर हर समय बंदरों का झुंड डेरा जमाए रहता है।

बाजार से खाद्यान्न सामग्री, फल-सब्जी या अन्य सामान लेकर गुजरने वाले लोगों पर बंदर अचानक हमला कर उनके हाथ से थैले छीन लेते हैं। कई बार छीना-झपटी के दौरान लोग गिरकर चोटिल होने से भी बाल-बाल बचे हैं। सबसे सबसे अधिक परेशानी आने-जाने वाली छात्राओं को उठानी पड़ रही है।
छात्रा शिखा, अर्पिता, श्रेया ने बताया कि का पुल पर पहुंचते ही बंदरों का झुंड उन्हें घेर लेता है और उनके बैग व टिफिन पर झपट्टा मार देता है। कई बार बंदर टिफिन छीनकर वहीं खोल देते हैं और खाने का सामान इधर-उधर बिखेर देते हैं। इससे छात्राओं में भय का माहौल बना रहता है और उन्हें रोजाना असुरक्षा की भावना के बीच पुल पार करना पड़ता है।
फुटओवर ब्रिज रेलवे स्टेशन और बाजार के बीच आवागमन का प्रमुख मार्ग है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इसी पुल से होकर गुजरते हैं, लेकिन बंदरों के बढ़ते आतंक के कारण लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक बंदरों को पकड़ने या उन्हें वहां से हटाने की कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई है।










Users Today : 5
Users This Year : 24684
Total Users : 37277
Views Today : 7
Total views : 73315